Breaking News

सहारनपुर : चीनी मिलों का पेराई सत्र 25 अक्टूबर से शुरू होगा, दिशा-निर्देश जारी

रिर्पोट :- गौरव सिंघल, वरिष्ठ संवाददाता,सहारनपुर मंडल।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय आर भूस रेड्डी ने सहारनपुर के गन्ना उपायुक्त डा. दिनेश्वर मिश्र को निर्देश दिए हैं कि सहारनपुर मंडल में सभी 17 चीनी मिलों का पेराई सत्र 25 अक्टूबर से शुरू किए जाने के लिए मिल प्रबंधकों और प्रशासकों से बातचीत की जाए। गन्ना आयुक्त डा. दिनेश्वर मिश्र ने आज बताया कि समय से पेराई सत्र शुरू हो जाने से गन्ना किसानों को कई फायदे होंगे। एक तो किसान कोल्हूओं पर कम दाम पर गन्ना बेचने से बच जाएंगे और दूसरे मिलों को गन्ने की समय से आपूर्ति होने से वे खाली खेतों में गेहूं की बुआई कर सकेंगे। पिछले कुछ सालों के दौरान चीनी मिलें नवंबर माह में चालू हुई थी।
उससे छोटे गन्ना किसान पैसे के अभाव में कोल्हूओं पर सस्ता गन्ना बेचने को मजबूर होते रहे हैं। पिछले चार सालों के दौरान उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना मूल्य भी नहीं बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों को देखते हुए गन्ना किसान गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इस बार सरकार गन्ना मूल्य मेें वृद्धि कर सकती है। सहारनपुर मंडल की 17 में से छह चीनी मिलें पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान कर चुकी हैं। इनमें दो चीनी मिलें त्रिवेणी ग्रुप की देवबंद और खतौली शामिल हैं। जबकि बजाज ग्रुप की तीनों चीनी मिलें गन्ना भुगतान में फिसड्डी रही हैं। गन्ना उपायुक्त डा. मिश्र ने कहा कि उम्मीद की जा रही है कि मंडल की सभी 17 चीनी मिलें 25 अक्टूबर तक पेराई सत्र शुरू करने के लिए तैयार हो जाएंगी।