Breaking News

वियना में भी आतंकियों ने मचाया आतंक, 7 की मौत, कई घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख

हाल ही में फ्रांस में हुए आतंकी हमले के बाद जहां दुनियाभर में इस घटना को लेकर हंगामा मचा हुआ है, वहीं यूरोप के एक और देश ऑस्ट्रिया में आतंकी हमले की घटना सामने आई है। यह हमला ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में हुआ है जहां फायरिंग में अब तक 7 लोगों के मारे जाने की सूचना है। इस हमले पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दु:ख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि भारत अपने मित्र देश के साथ हमेशा खड़ा है।वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी दुख जताते हुए कहा है कि आतंकियों के खिलाफ जंग में अमेरिका पूरी तरह से उनके साथ है। वियना में हुए आतंकी हमले के बाद ऑस्ट्रिया हरकत पूरी तरह से हरकत में आ गया है और एतिहात के तौर पर नई दिल्ली में भी अपने दूतावास को 11 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया है।

इस आतंकी हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने इस हमले को एक आतंकी हमला घोषित किया है। वहीं जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर मार गिराया गया है। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने ताबड़तोड़ कई जगहों पर फायरिंग की। वहीं इस हमले को लेकर ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने अफसोस व्यक्त करते हुए इसे घृणित आतंकी हमला करार दिया है। बताया जा रहा है कि इस आतंकी हमले में कई लोग घायल हुए हैं, एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की खबर है।

भारत ने भी इस हमले पर दुःख जाहिर करते हुए ऑस्ट्रिया के साथ खड़े होने की बात कही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि संकट की इस घड़ी में भारत अपने दोस्त ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, वियना में हुए आतंकी हमले से भारत गहरे सदमे और दु:ख में है। संकट की इस घड़ी में भारत के लोग ऑस्ट्रिया के साथ खड़े हैं। मारे गए लोगों के परिवार वालों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।

वही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हमले पर ट्वीट करके कहा कि हमारी संवेदनाएं लगातार आतंकी हमलों को झेल रहे यूरोप के लोगों के साथ हैं। बेगुनाह लोगों के खिलाफ इस तरह के हमलों को बंद किया जाना चाहिए। कट्टरवादी इस्लामिक आतंकियों के खिलाफ इस जंग में अमेरिका अपने सहयोगियों ऑस्ट्रिया, फ्रांस और पूरे यूरोप के साथ खड़ा है।

इसी क्रम में वियना में हुए आतंकी हमले पर दुख जताते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि हमारा देश ऑस्ट्रियाई लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस के बाद अब हमारे एक मित्र देश पर आतंकी हमला हुआ है। यह हमारा यूरोप है, ऐसे में हमारे दुश्मनों को अंदाजा होना चाहिए कि वे किससे लड़ रहे हैं। हम किसी भी सूरत में झुकेंगे नहीं।