Breaking News

वर्चुअल अंदाज में चुनाव अभियान चलाएगी कांग्रेस, फेसबुक लाइव, एलईडी, प्रोजेक्टर्स की होगी डिजिटल दुनिया

कोरोना के कहर के बीच पांच प्रदेशों का विधानसभा चुनाव इस बार डिजिटल दुनिया में शिफ्ट हो गया है। प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार डिजिटल मंचों पर ही होगा। चुनाव आयोग ने अभी 15 जनवरी तक तो रैलियों पर रोक लगा ही रखी है। अगर कोरोना के मामले बढ़ते गए तो यह जारी रहेगी। पांच राज्यों के मतदाताओं के लिए यह पहला अवसर होगा जो वर्चुअल प्रचार का सामना करेंगे। इस बार डिजिटल चुनाव देखने को मिलने वाला है जहां पर प्रचार भी डिजिटल रहेगा और प्रत्याशी अपना नामंकन भी डिजिटल अंदाज में संपन्न कर लेंगे। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ने भी डिजिटल दुनिया के लिए अपनी तैयारी कर ली है। पार्टी ने पांच राज्यों के लिए एक अलग रणनीति बनाई है। कहीं पर प्रोजेक्टर्स का इस्तेमाल किया जाएगा तो कहीं पर एलईडी वैन से प्रचार होगा। यूपी चुनाव में की जहां पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सीधे सक्रिय हैं।

डिजिटल हो गया विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस इस बार एलईडी वैन्स को अपने डिजिटल प्रचार का हिस्सा बनाने जा रही है। यूपी कांग्रेस के पास सिर्फ एक हफ्ते के अंदर 4000 ऐसी वैन तैयार हो जाएंगी जिनका इस्तेमाल कर कांग्रेस अपना सियासी संदेश असरदार तरीके से पहुंचा पाएगी। कांग्रेस द्वारा शक्ति संवाद भी ऑनलाइन तरीके से किया जाएगा। उस संवाद में उत्तर प्रदेश की महिलाओं की परेशानियों को सुना जाएगा और समय रहते हल करने का भी प्रयास रहेगा। इस बार कांग्रेस सिर्फ रैलियों पर अपना लक्ष्य नहीं कर रही है, बल्कि अब उसकी नजर किसान, नौजवान और महिलाओं पर भी है। महिला, लड़कियों और किसानों के मुद्दों को उठाने पर जोर दिया जा रहा है। पंजाब की करें तो यहां भी पार्टी ने अलग तैयारी कर रखी है। वहां पर पार्टी के पहले से मौजूद वाट्स एप ग्रुप्स को फिर मजबूत करने की कवायद है। यहां पार्टी सीधे मतदाताओं से सम्पर्क कर रही है।

उत्तराखंड के लिए खास तैयारी

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी कांग्रेस इस बार नए अंदाज में नजर आ रही है। पार्टी आने वाले 6 दिनों के अंदर उत्तराखंड में 250 प्रोजेक्टर स्क्रीन लगाएगी। वैसे इस चुनावी प्रचार की शुरुआत कल प्रियंका गांधी ने ही कर दी थी। उनकी तरफ से शनिवार को एक फेसबुक लाइव का सेशन रखा गया था। वहां पर लोग सीधे-सीधे उनसे सवाल पूछ रहे थे और प्रियंका सभी का जवाब दे रही थीं। पार्टी पूरी तरह वर्चुअल अंदाज में चुनाव भी लड़ने जा रही है और वोट मांगने का तरीका भी बदल दिया जाएगा।