Breaking News

लालू प्रसाद यादव को लगा बड़ा झटका, इलाज करने वाले डॉक्टर का निधन

रिम्स के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ उमेश प्रसाद का आज अहले सुबह निधन हो गया। डॉ उमेश मल्टीपल मायलोमा बीमारी से जूझ रहे थे। यह एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। बीमार होने के बावजूद डॉ उमेश व्हीलचेयर के सहारे हर रोज मरीजों को देखने रिम्स आते थे। डॉ उमेश प्रसाद ने लालू प्रसाद जब रिम्स में थे, तब उनका भी इलाज लंबे समय तक किया था। एम्स रेफर करने से पूर्व भी मेडिकल बोर्ड की टीम में डॉ उमेश प्रसाद का नाम था।

एक महीने पूर्व बनाए गए थे एचओडी

डॉ उमेश प्रसाद को एक महीना पूर्व मेडिसिन विभाग का एचओडी बनाया गया था। विभाग के एचओडी डॉ जेके मित्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले डॉ उमेश मेडिसिन विभाग के यूनिट इंचार्ज थे।

स्वास्थ्य मंत्री ने दी श्रद्धांजलि

डॉ प्रसाद की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, रिम्स के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ उमेश प्रसाद जी के निधन की दुखद सूचना मिली। उनके निधन पर शोक व्यक्त करता हूं, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को दुख सहने का साहस दे। ऊं शांति। डॉ उमेश प्रसाद के निधन की सूचना मिलते हैं चिकित्सकों में शोक की लहर फैल गयी। उनके साथ काम करने वाले डॉक्टर उनके साथ बिताए हुए पल को याद कर भावुक हो गए। वही उनकी मौत के बाद रिम्स के चिकित्सकों के अलावा अन्य चिकित्सकों ने भी शोक व्यक्त किया है।