Breaking News

लता को अश्रुपुरित नेत्रों से देश दे रहा विदाई , अंतिम दर्शन के लिए पहुंचेगे पीएम मोदी

भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती तथा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया है। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सुप्रसिद्ध स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि लता मंगेशकर ने अपनी कला और प्रतिभा के बल पर पूरे विश्व में देश का गौरव बढ़ाया। वह देश की शान तथा सभी संगीत प्रेमियों के लिए एक प्रेरणा थीं। उनके निधन से संगीत जगत् को जो हानि हुई है उसकी भरपाई सम्भव नहीं है। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति की प्रार्थना करते हुए लता मंगेशकर के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने शोक संवेदना में कहा कि अपनी सुरीली व मनमोहक आवाज से लोगों के दिल-दिमाग पर कई दशक तक राज करने वाली लता मंगेशकर के आज निधन की खबर अति-दुःखद है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित देश की शान और संगीत जगत् की स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा लता जी का निधन हिंदी सिनेमा व संगीत जगत् को स्तब्ध करने वाला है। उनके निधन से संगीत जगत् में हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई हो पाना कठिन है। दीक्षित ने उन्हें याद करते हुए पुण्य आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चैधरी स्वर कोकिला लता जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने समृद्ध स्वरों से संगीत को नई ऊंचाइयां दी। भाषा के बंधन को तोड़ उनके गाए गीत विश्व के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचे। उनका निधन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उनके परिवारीजन व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।

श्रीमती सोनिया गाँधी का शोक संदेश’

स्वर कोकिला लता जी की मधुर आवाज आज मौन होने पर स्तब्ध हूँ। एक युग का अंत हो गया। दिल छू लेने वाली आवाज, राष्ट्र प्रेम के गीत और लता दीदी का संघर्षमय जीवन सदा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उनकी अंतिम यात्रा में नमन व भावभीनी श्रद्धांजलि।कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद राहुल गांधी ने भी भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा है कि लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार मिला। वह कई दशक तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत की बगिया में सुरों को चुन-चुन कर सजाने वाली सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उनके निधन से भारतीय कला जगत् को एक अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर लता मंगेशकर जी को श्री चरणों में स्थान दें और इस दुरूख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।

अंतिम विदाई देने पहुंचेगे पीएम मोदी

सरकार द्वारा ऐलान किया गया है कि लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को ही मुंबई पहुंचेंगे वह लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन करेंगे और उन्हें विदाई देंगे. पीएम मोदी करीब 4.30 बजे मुंबई पहुंचेंगे।

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12.30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। इसके बाद शाम 4.30 बजे लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर मुंबई के शिवाजी पार्क में ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी और संस्कार किया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

इस बीच राज्य सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनकी मौत का कारण मल्टी ऑर्गेन फेलियर बताया जा रहा है। पिछले 29 दिनों से वो कोरोना से जंग लड़ रही थीं। उन्होंने रविवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। भारत रत्न दिग्गज गायिका को 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शुरुआत में कोरोना के हल्के लक्षण देखे गये थे, मगर उम्र और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उन्हें आईसीयू में ही रखा गया था। चिकित्सकों को पूरा यकीन था कि लता जी ठीक हो जाएंगी, मगर उम्र के मद्देनजर उन्हें चिकित्सकों की निरंतर निगरानी में रखा गया था।