Breaking News

लखनऊ में बनेगी ब्रह्मोस मिसाइल : राजनाथ सिंह

केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल (brahmos missile) भी हिन्दुस्तान में यदि कहीं बनेगी तो दिल्ली के अलावा लखनऊ (Lucknow) में उसका निर्माण होगा। लखनऊ में स्थापना इकाई का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और आगामी तीन चार साल में ब्रह्मोस निर्माण भी आरम्भ होगा।

राजधानी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में जबसे सरकार केंद्र में आई है, तबसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की विश्वसनीयता बढ़ी है। भारत का मस्तक सारी दुनिया में ऊंचा हुआ है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत जब कुछ बोलता था तो दुनिया उसकी बातों को गंभीरता पूर्वक नहीं सुनती थी, लेकिन आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो लोग कान खोलकर सुनते हैं। दुनिया कान लगाकर सुनती है कि भारत क्या कह रहा है, यह अंतर आया है भारत की गरिमा में।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री का कहना है कि भारत में बनाओ और सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए बनाओ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऐशबाग सुदर्शन पुरी धानुक बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर सर्वप्रथम महर्षि सुपच सुदर्शन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार निरंतर और ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें सात बनकर पूरे हो चुके हैं और जो प्रस्तावित हैं उन पर कार्य चल रहा है। ओवर ब्रिज के साथ ही 104 किलोमीटर लंबी रिंग रोड का कार्य पूरा होने के उपरांत यात्री हिन्दुस्थान के किसी भी कोने से आएगा तो सीधे अपने क्षेत्र में प्रवेश करेंगे, उसको शहर के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त तेरह सौ करोड़ रुपए अन्तर-राष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए स्वीकृत हुआ है और उसके बनने से दुनिया भर के लोग जब यहां आएंगे और रुकेंगे तो रोजगार में वृद्धि होगी और सभी की आय भी बढ़ेगी।

महानगर अध्यक्ष एमएलसी मुकेश शर्मा ने बताया कि सुदर्शन पुरी में क्षेत्रीय निवासियों द्वारा एक कम्युनिटी हॉल की मांग की गई थी, जिसको रक्षा मंत्री के सीएसआर फंड के माध्यम से निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला, विधायक प्रत्याशी अंजनी श्रीवास्तव, रजनीश गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब मैं रक्षा मंत्री बना, तब रक्षा मंत्रालय द्वारा सारा हथियार, बंदूक, रायफल हम लोग विदेशों से मंगाते थे। 900 करोड़ का एक्सपोर्ट होता था लेकिन आज हम लोग 18 से 20,000 करोड़ का एक्सपोर्ट कर रहे हैं।