Breaking News

यूपी में डेंगू और वायरल बुखार कहर, दर्जनों लोगों की मौत, सैकड़ों मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में डेंगू और वायरल बुखार ने सैकड़ों लोगों को चपेट में ले लिया है। आगरा के फतेहपुर सीकरी में डेंगू और वायरल बुखार से शनिवार को एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। आगरा में डेंगू के 11 नए मरीज मिले हैं। फिरोजाबाद के एक ही गांव में अब तक 16 मौतें हो चुकी हैं, जबकि सौ से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं।


फिरोजाबाद में नगला मवासी निवासी ललिता की डेंगू से शनिवार को मौत हो गई। गांव में बुखार के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। फिरोजाबाद में डेंगू बुखार और वायरल के 110 नए मरीज सामने आए हैं, जिन्हें निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।

आगरा के फतेहपुर सीकरी के ग्राम रसूलपुर निवासी सुरेश चंद के दोनों बच्चे रूबी और सचिन को बुखार के चलते शनिवार को भरतपुर के निजी अस्पताल में मौत हो गई है। सुरेश के तीनों बच्चों को 16 सितंबर को बुखार आया था। उसे भरतपुर ले जाया गया, वहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। दूसरे दिन रूबी को बुखार आने पर भरतपुर ले जाया गया, जहां उसकी जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई।

शनिवार को तीसरे बच्चे सचिन को बुखार आने पर भरतपुर ले जाया गया। जहां उसकी जांच में प्लेटलेट्स कम पाई गईं। रूबी और सचिन की दोपहर को मृत्यु हो गई। बच्चों में डेंगू की पुष्टि होने के चलते स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई है। दो बच्चों की मौत की सूचना मिलने के बाद एसडीएम, सीएमओ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज की जानकारी के अनुसार शाम तक 110 नए मरीज शनिवार को भर्ती किए गए और 161 मरीज डिस्चार्ज की गए हैं।

मेडिकल कॉलेज में 365 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। प्राइवेट क्लिनिक और सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर भी मरीजों की भीड़ बनी हुई थी, जिसके अलावा बड़ी संख्या में गंभीर मरीज आगरा और दिल्ली में भी इलाज करा रहे हैं। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देश पर शहरी क्षेत्र में डेंगू से जंग मिशन शक्ति के संग अभियान के तहत सभी क्षेत्रों में अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान और जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।

जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ तथा संचारी रोग निदेशक डॉक्टर जीएस बाजपेई ने मेडिकल कॉलेज शिकोहाबाद अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों अधिकारियों को मरीजों के इलाज के लिए सभी व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिया। मेडिकल कॉलेज सहित अन्य केंद्र पर भी आवश्यकतानुसार मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। राजधानी लखनऊ में शनिवार को डेंगू के 12 नए मरीज सामने आए। दो मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। लोकबंधु अस्पताल की ओपीडी में लगातार डेंगू पॉजिटिव बढ़ रहे हैं।

बारिश के कारण फैजुल्लागंज के कई इलाकों में जलभराव से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इसी को देखते हुए सीएमओ ने फैजुल्लागंज के दाउद नगर स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में अस्थायी ओपीडी शुरू की है। शनिवार को डॉ केपी त्रिपाठी और सत्यम मिश्रा के मौजूदगी में ओपीडी शुरू की गई। इलाके में एंटी लार्वा और फॉगिंग भी शुरू करवाई गई। एसीएमओ डॉ केपी त्रिपाठी ने टीम के साथ दाऊदनगर, फैजुल्लागंज, मड़ियांव सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। लार्वा मिलने पर 15 घरों को नोटिस जारी किया गया है। लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में अब डेंगू की एलिजा जांच भी शुरू होगी। स्वास्थ्य भवन से यहां शनिवार को एलिजा जांच मशीन भेजी गई हैं।

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग गम्बूसिया मछलियों का भी सहारा ले रहा है। मच्छरों का लार्वा ठहरे पानी में पनपता है। बारिश से गड्ढे और तालाब लबालब भर गए हैं। इन जगहों पर गम्बूसिया मछलियां डाली जा रही हैं, जो मच्छरों का लार्वा निगल जाती हैं। एसीएमओ डॉ केपी त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल सहारा स्टेट, बटलर पैलेस और शीश महल के अलावा तेलीबाग के तीन तालाबों में करीब 50 हजार गम्बूसिया मछलियां छोड़ी गई हैं। इन दिनों इन इलाकों में डेंगू के मामले ज्यादा आ रहे हैं।