Breaking News

यंग वीमेन वोट पर प्रियंका का निशाना, लड़कियों को स्मार्टफोन तो युवतियों को मिलेगी स्कूटी!

विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं, महिलाओं को लुभाने के लिए राजनीतिक वादों की बहार शुरू हो गयी है। विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक और बड़ा दांव खेला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने पर 12वीं पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक पास युवतियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी दी जाएगी। लड़कियों केा स्मार्टफोन से उनके शैक्षिक जीवन को लाभ मिलेगा तो वहीं स्कूटी से महिलायंे पढ़ने, काम पर जा सकेंगी। करीब तीन दशक से यूपी की सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस ने युवा आधी आबादी को लुभाने के लिए एक बड़ा दांव चलकर विपक्षी पार्टियों को जबरदस्त चुनौती दी है।

अब माना जा रहा है कि महिलाओं, लड़कियों के लिए किये वादों का कांग्रेस को लाभ मिलेगा। प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि कल मैं कुछ छात्राओं से मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ने व सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। मुझे खुशी है कि घोषणा समिति की सहमति से आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी।

युवा महिला आबादी को साधने की तैयारी

ज्ञात हो कि 19 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर ऐलान किया था कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। उन्होंने कहा था कि यह फैसला महिलाओं की राजनीति में नुमाईंदगी को बढ़ाएगी और प्रदेश का विकास तेजी से होगा। महिलायें आत्मनिर्भर होंगी। प्रियंका के इस फैसले को भी विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। दरअसल प्रियंका गांधी ने यूपी की करीब साढ़े तीन करोड़ महिला वोट बैंक को साधने की कोशिश की है। एक बार फिर उन्होंने स्मार्टफोन और स्कूटी से उस यंग वीमेन वोट को साधने की कोशिश की है जो 2022 में वोट करने जाएगी।