Breaking News

मुंबई का कोरोना से है बुरा हाल, 89 फीसदी बढ़े मामले, 11 हॉटस्पॉट में लगा लॉकडाउन

बढ़ते कोरोना के कारण महाराष्ट्र में एक बार फिर साल 2020 की भांति ही 2021 में भी कहर ढाना शुरू कर दिया है। मुंबई में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में 89 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि अब मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है। कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों के बीच एक बार फिर लॉकडाउन की आहट वापस आ गई है। मुंबई के ठाणे में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर से लॉकडाउन को ही अपना हथियार बनाया है और इसीलिए प्रशासन ने ठाणे के 11 हॉटस्पॉट में लॉकडाउन लागू कर दिया है।

एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर के 11 हॉटस्पॉट में 13 मार्च से 31 मार्च के बीच लॉकडाउन का एलान कर दिया है। ठाणे नगर आयुक्त विपिन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में कोरोना के केसों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि लॉकडाउन वैसे ही रहेगा, जैसे पहले लागू था। आपको बता दें कि ठाणे में कोरोना वायरस के 780 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,69,845 हो गई है। अधिकारी के अनुसार संक्रमण से तीन और लोगों की मौत होने से जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6,302 हो गयी है। अधिकारी के अनुसार जिले में कोविड-19 की वजह से मृत्यु दर 2.34 प्रतिशत है।

कोरोना के रोजाना केसों में बढ़ोतरी के बीच मुंबई में पिछले महीने की तुलना में सक्रिय मामलों की संख्या में करीब 89 फीसदी की वृद्धि हुई है। अंधेरी (पश्चिम), चेंबूर, गोवंडी सहित आठ सिविक वार्ड में सबसे ज्यादा कोविड-19 के मामले दर्ज किए जा रहे हैं और इनका इस आंकड़ों में सबसे ज्यादा योगदान है। मुंबई में 7 मार्च को कोरोना के 1360 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि 1020 लोग हॉस्पिटल से ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं, 6 मार्च को मुंबई के सक्रिय केसों की संख्या 10,398 हो गई, जो फरवरी के पहले हफ्ते में सिर्फ 5,500 थी। मुंबई में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,34,583 हो गए।

तीन सप्ताह पहले मुंबई में रोजाना मिलने वाले कोविड-19 के केस की संख्या 500 से नीचे थी। लेकिन कोरोना के नए केस 17 फरवरी से बढ़ने लगे और यह आंकड़ा 700 पार होने लगा। नागरिकों द्वारा कोविड-19 प्रोटोकॉल को न मानना, आम जनता को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों को खोलने की इजाजत के बाद यह उछाल नजर आया।

महाराष्ट्र में लगातार तीन दिन तक रोजाना कोविड-19 संक्रमण के 10 हजार नए केस सामने आने के बाद सोमवार को 8,744 नए केस सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार राज्य में कुल मामले बढ़कर 22,28,471 हो गए और कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 52,500 तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 20,77,112 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 97,637 मरीजों का इलाज चल रहा है।