Breaking News

मालदीव में दुष्प्रचार के जरिये भारत का विरोध, 2019 में भी हुई थी ऐसी कोशिश

द्वीपीय देश मालदीव में कुछ राजनीतिक दलों ने भारत के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान छेड़ दिया है। सरकार विरोधी ये दल राष्ट्रीय पहचान को मुद्दा बनाकर भारत के खिलाफ गलत सूचनाएं प्रचारित कर रहे हैं। कोलंबो इन्फार्मेशन एजेंसी ने पिछले सप्ताह भारत के खिलाफ छिडे़ दुष्प्रचार युद्ध से पर्दा हटाया। इस दुष्प्रचार का मकसद भारत के खिलाफ भावनाएं पैदा करना और उन्हें भड़काना है। मालदीव में भारत विरोधी माहौल पैदा करने की 2019 में भी कोशिश हुई थी।

लेकिन इस तरह की छिटपुट कोशिशों में हाल के दिनों में खासी तेजी आई है। हैशटैग इंडिया आउट अभियान ट्विटर पर चल रहा है। इस अभियान में मुख्य रूप से अहमद अजान नाम का पत्रकार और उसके साथी लगे हुए हैं। वह धियारेस और द मालदीव्स जर्नल नाम के अखबारों का संपादन करता है। उसे पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन का समर्थक माना जाता है। पूर्व सरकार में आर्थिक विकास मंत्री रहे मुहम्मद सईद भी इस दुष्प्रचार अभियान को बढ़ाने में लगे हुए हैं। वह इब्राहीम सोलिह सरकार के विरोध में माहौल बनाने का कार्य भी कर रहे हैं।