Breaking News

मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के कार्यालय पर महिलाओं का धावा, बच्चों को मिलने वाली अनुदान राशि की मांग

प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के बलिया में आवास स्थित कैंप कार्यालय पर फरियाद लेकर पहुंचीं महिलाओं ने सोमवार यानी आज दिन में जमकर हंगामा किया। इस दौरान मंत्री का घेराव भी किया और कुर्सिंयां भी इधर-उधर फेंक दीं। महिलाएं स्कूल में पुराने बच्चों को मिलने वाली अनुदान राशि की मांग कर रहीं थीं।

मंत्री के बीएसए से बात करने के बाद भी महिलाएं तत्काल अनुदान राशि दिलाने की जिद पर अड़ी रहीं। मौके पर सीओ और कोतवाल महिला पुलिस के साथ पहुंचे और महिलाओं को वहां से हटाया। वहीं महिलाओं ने कार्यकर्ताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। मंत्री शुक्ला ने बताया कि यह सब प्रायोजित था। इसके पीछे साजिश है।

मंत्री के कार्यालय में तोड़फोड़ होने की जानकारी मिलते ही महिला पुलिस के साथ पुलिस अधिकारी पहुंचे और आननफानन महिलाओं को समझा बुझाकर परिसर के बाहर किया। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं से पुलिस अधिकारियों की भी बहस हुई़। विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने आश्‍वासन देकर महिलाओं को बाहर किया। कुछ महिलाओं को पकड़कर कोतवाली लाया गया। मंत्री ने महिलाओं के आक्रोश को साजिश का हिस्‍सा बताते हुए इस पर अपना रोष जाहिर किया। कहा कि महिलाओं की मांग के अनुरूप ही अधिकारियों तक उनकी बात को पहुंचाकर समस्‍या का निवारण करने का प्रयास किया गया था। इसके बाद महिलाएं आक्रोशित होकर प्रदर्शन करने लगीं।