Breaking News

भारत जोड़ो यात्रा का 42वां दिन, आंध्रप्रदेश के अदोनी स्थित मंदिर पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा का आज 42वां दिन है। राहुल ने अपने 42वें दिन की यात्रा की शुरुआत आंध्रप्रदेश के कुरनूल के चागी गांव से की। इस दौरान पदयात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अब तक करीब 1025 किमी से ज्यादा का सफर तय कर चुका है। वहीं पदयात्रा से पहले राहुल गांधी ने अदोनी स्थित श्री गंगा भवानी मंदिर का दौरा भी किया।

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा 23 अक्तूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 23 अक्तूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी और सात नवंबर तक राज्य में रहेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) तेलंगाना के प्रभारी मणिकम टैगोर ने यह जानकारी दी। सोमवार को एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि हम भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए तैयार हैं। तेलंगाना राज्य में यात्रा का विवरण साझा करते हुए खुशी हो रही है।

राहुल की पदयात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी
राहुल गांधी अपनी पदयात्रा के दौरान 12 राज्यों से गुजरकर 3,570 किलोमीटर लंबी दूरी तय करने वाले हैं। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण, राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रहे हैं।

अब तक चार राज्यों से गुजर चुकी राहुल की पदयात्रा
आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजर चुकी है।