Breaking News

भारतीय हवाई सीमा में घुसा इस देश का विमान तो एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया सच

भारतीय सीमा में एक बार फिर से नेपाल के विमान के दाखिल हो गया है जिसके बाद सशस्त्र सीमा बल समेत भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। बताया जा रहा है कि नेपाल से सटे बिहार के महाराजगंज जिले के सोनौली कस्बे के ऊपर नेपाल का विमान काफी देर तक मंडराता रहा और कुछ देर लौट गया। नेपाल के भैरहवा गौतम बुद्ध एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान वहां का एक विमान भारतीय सीमा में करीब 400 मीटर अंदर तक घुस आया है। भारतीय हवाई सीमा में नेपाल के विमान के आने की घटना शुक्रवार दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है।कुछ देर तक भारतीय सीमा में मंडराने के बाद विमान नेपाल लौट गया। नेपाल का विमान भारतीय हवाई सीमा में आने के बाद भैरहवा स्टेशन के सुपरिंटेंडेंट दर्शन धीमरे ने बताया कि खराब मौसम और लैंडिंग सिग्नल न मिलने से इस तरह की समस्या आती है।

जब कभी उत्तर दिशा में मौसम खराब होता है तो प्लेन को लैंडिंग के लिए दक्षिण से आना होता है। उन्होंने बताया कि विमान के सुरक्षित घुमाव के लिए भारतीय सीमा में जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति तभी आती है जब मौसम खराब होता है। नेपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसरों ने बताया कि भैरहवा एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित लैंडिंग के लिए करीब 4 किमी का दायरा चाहिए। दक्षिण दिशा में महज तीन किलोमीटर दूरी पर ही भारत की सीमा पड़ती है। इसलिए तकनीकी मजबूरी के कारण विमान को भारतीय सीमा में प्रवेश करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि प्लेन का पायलट गोरखपुर, वाराणसी एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से परमिशन लेकर भारतीय एरिया में उड़ान करता है। उन्होंने बताया कि ये पहली बार नहीं है जब नेपाल का कोई विमान भारतीय सीमा में दाखिल हुआ हो। इससे पहले भी कई बार नेपाल के विमान भारतीय सीमा में आ जाते हैं। जैसे ही कोई विदेश विमान भारतीय सीमा में घुसता है तो रडार के जरिए उसकी जानकारी मिल जाती है।