Breaking News

फिल्मी स्टाइल में बड़ी वारदात: बदमाशों को जो दिखा उसे मारते गए गोली, पूरे इलाके में हड़कंप

बिहार के सीवान में गुरुवार की दोपहर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। फिल्मी स्टाइल में बाइक सवारों ने महाराजगंज रामप्रीत मोड़ के पास अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान जो मिला उसे गोली मारते रहे। चार लोगों को ताबड़तोड़ कई गोलियां लगीं। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हैं। दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल से सीवान के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अचानक हुई वारदात से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है। वारदात का कारण भी पुलिस को पता नहीं चल सका है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की दोपहर करीब पौने तीन बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने महाराजगंज के रामप्रीत मोड़ के पास फायरिंग शुरू की। बाइक पर पीछे बैठा बदमाश तीन पिस्टल से गोली चला रहा था। बाइक सवार बदमाश ने फिल्मी स्टाइल में गोलियां चलाईं। सबसे पहले बाइक सवार अरमान मंसूरी नामक युवक को गोली मारी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अरमान सब्जी लेकर घर लौट रहा था। इसके बाद थोड़ा आगे बढ़कर एक अन्य युवक सुदामा यादव को गोलियां मारी। उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

आगे बढ़ने पर एसबीआई के करीब राहगीर रघुनाथपुर के अशोक पटेल को गोली मारी। अशोक पटेल भी गोली लगते ही गिर पड़े। बदमाश वहां से आगे बढ़े तो साइड नहीं देने पर कार चला रहे दरौंदा के रगड़गंज निवासी मनीष कुमार को गोली मार दी। मनीष अपनी मां के साथ कहीं जा रहे थे। एक साथ चार लोगों के गोली लगने से लहूलुहान होकर गिरा देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुरी तरह घायल अशोक और मनीष को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख वहां से सीवान के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल घटना का कारण भी नहीं पता चल सका है। गोली से मारे गए अरमान के साथ जा रहे युवक ने बताया कि बाइक सवार बिना वजह गोली मार रहे थे। जिसे भी देख रहे थे गोली मार रहे थे। कभी हवा में गोली चलाते कभी सीधे गोली चला रहे थे। पीछे बैठा युवक तीन पिस्टल लिया था। हर कोई गोली से बचने के लिए इधर उधर भाग रहा था। मेरे सामने तीन लोग गोली लगने से मौके पर गिरे थे। आगे भी गोली चलाते हुए जा रहे थे।