Breaking News

पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पुत्र सांसद राजवीर सिंह अचनाक गिरे, हाथ में आया फ्रैक्चर

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रविवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की शाम उनकी पार्थिव देह राजकीय सम्मान के साथ शहर के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम लाई गई। इस बीच कल्याण सिंह के पुत्र व एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया स्टेडियम में अचानक चक्कर आने से गिर गए। उनके हाथ के बायीं कोहनी में फ्रैक्चर हो गया है। स्टेडियम में कल्याण सिंह की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी गई है। इसके चलते यहां अब तक भीड़ लगी हुई है।

अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां पर मुख्यमंत्री व अन्य लोगों के लिए सेफ हाउस बनाया गया है। राजवीर सिंह व परिवार के अन्य सदस्य भी स्टेडियम में थे। शाम करीब सात बजे राजवीर सिंह वाशरूम की तरफ गए। यहां वे अचानक लड़खड़ाने लगे। इससे उनका जूता रैंप से फिसल गया और वह गिर पड़े। स्टेडियम में ही मौजूद वरुण हास्पिटल के निदेशक डा. संजय भार्गव तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्हें वरुण हास्पिटल में भर्ती कराया। डा. संजय भार्गव ने बताया कि नींद पूरी न होने और थकान के कारण उनका शुगर लेवल कम हो गया। इससे उन्हें चक्कर आया और गिर गए। बायें हाथ का एक्स-रे कराया गया है, उनकी कोहनी में हल्का फ्रैक्चर है। अब शुगर लेवल ठीक है। बीपी नार्मल है। उन्हें घर भेज दिया गया।