Breaking News

पति ने शादी के 17 दिन बाद ही पत्नी को प्रेमी को सौंपा, थाने में हुआ एग्रीमेंट

झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) से एक अनोखा मामला सामने आया है जहां शादी (Marriage) के महज 17 दिनों बाद ही दूल्हे ने दुल्हन (Bride) को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया। इसके साथ ही पुलिस थाने में एक एग्रीमेंट भी किया गया।

दरअसल, शादी के 17 दिन बाद दुल्हन अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी के पास भाग गई। इसके बाद लड़के के घरवालों ने इसकी खबर दुल्‍हन के घरवालों को दी और शक के आधार पर घरवाले दुल्हन के प्रेमी के घर पर पहुंचे और लड़की वहीं मिली। जिसके बाद दोनों परिवारों ने लड़की को खूब समझाया लेकिन उसपर प्यार का इतना भूत चढ़ा था कि वो मानने को तैयार नहीं हुई और अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद करने लगी। जिसके बाद पति ने अपनी पत्नी को प्रेमी को सौंपने का फैसला लिया। इसके बाद दोनों पक्ष के परिजनों ने फैसला लिया कि लड़की को उसके प्रेमी के साथ ही रहने दिया जाए। वहीं 20 जुलाई को लड़की के प्रेमी को रातू प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुलाया गया। जहां प्रेमी-प्रेमिका और दूल्हा पक्ष की ओर से एक एग्रीमेंट पेपर तैयार कर पति ने पत्नी को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया।

बता दें कि  झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेवनगर में रहने वाली एक युवती की शादी नजदीक के चिपरा निवासी युवक से 3 जुलाई को हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही दुल्हन अपने पति से दूर-दूर रहने लगी. वहीं, शादी के 17 दिन वह घर से भागकर अपने प्रेमी के पास आ गई। वहीं प्रेमी ने बताया कि उनका प्रेम संबंध डेढ़ साल से था, इसकी जानकारी प्रेमिका के परिजनों को भी थी। उसकी मां सब जानती थी फिर भी उसने छिपाकर शादी कर दी। शादी के बाद भी प्रेमिका ससुराल में नहीं रहना चाहती थी। 19 जुलाई को भी उसके ससुराल वाले जबरदस्ती लेकर चले गए थे। लेकिन अब वह उसके पास आ गई है। एग्रीमेंट पर साइन करते हुए प्रेमी ने कहा कि वह अपने प्यार को हर हाल में निभायेगा।