Breaking News

पंजाब: HC ने VIP लोगों की सुरक्षा कटौती पर लगाई रोक- समीक्षा करने का दिया आदेश

सुरक्षा कटौती के मामले में आम आदमी पार्टी सरकार को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सुरक्षा कटौती के फैसले पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही सरकार को सुरक्षा को बहाल करने के आदेश देते हुए HC ने इसकी समीक्षा करने को कहा है। हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को कहा कि वह केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियों से चर्चा करने के बाद ही इस तरह का फैसला लें। कोर्ट ने सिक्योरिटी की जानकारी लीक होने वाली बात पर भी चिंता व्यक्त की है। कोर्ट ने कहा कि जानकारी सार्वजनिक होने से कई खतरे के घेरे में आ जाते हैं। शरारती तत्व इसका गलत फायदा उठा सकते हैं।

आपको बता दें कि दो महीने पहले 29 मई को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल हो गया था। इससे एक दिन पहले ही पंजाब की नई आप सरकार द्वारा उनकी सिक्योरिटी कम की गई थी। उनके पास से 4 में से 2 कमांडों वापस ले लिए गए थे। इसके बाद सरकार पर सवाल खड़े हुए कि उन्होंने मूसेवाला की सुरक्षा क्यों घटाई?। अगर सुरक्षा घटानी भी थी तो फिर इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों की गई।