Breaking News

पंजाब निकाय चुनाव में बजा कांग्रेस का डंका, सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस

पंजाब में 14 फरवरी को हुए निकाय चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। कुल 117 निकायों पर 9 हजार से अधिक प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। किसान आंदोलन की आंच में हुए इन चुनावों के नतीजे पर हर किसी की निगाहें हैं। पंजाब में अभी तक जो चुनावी नतीजे सामने आए हैं, उसमें कांग्रेस पहले नंबर पर, अकाली दल दूसरे नंबर पर, आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर और बीजेपी चौथे नंबर पर चल रही है। दूसरी तरफ इस दौड़ में काफी जगह निर्दलीय भी बाजी मार रहे हैं।

 

अभी तक नतीजों की बात की जाए तो कांग्रेस गुरदासपुर-बटाला और पठानकोट में किया क्लीन स्वीप करती दिख रही है। फाजिल्का में भी कांग्रेस अव्वल है। सभी 9 वार्डों पर पार्टी को जीत मिली है। शिरोमणि अकाली दल को यहां तगड़ा झटका लगा है। उसके खाते में कोई सीट नहीं आई है। वहीं भाजपा दो और आप एक वार्ड में जीती है।

नगर निगम अबोहर में भी कांग्रेस अव्वल है। वार्ड नंबर एक से 28 और 35 से 42 तक कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी हुए हैं। अन्य पार्टियों का अभी तक परिणामों में सूपड़ा साफ हो गया है। राजपुरा में भी कांग्रेस का दबदबा है। 27 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है। भाजपा दो, आप और शिअद के खाते में एक-एक सीट आई हैं। नवांशहर के 19 वार्ड में से कांग्रेस ने 11 पर जीत हासिल कर ली है।

होशियारपुर में अब तक 40 सीटों के नतीजे प्राप्त हुए हैं जिनमें से 30 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। आप ने भी खाता खोल लिया है। सुनाम में आम आदमी पार्टी को अभी तक एक भी सीट नही मिली है। 17 वार्ड में से 13 पर कांग्रेस और 4 पर आजाद उम्मीदवार का कब्जा हुआ है। होशियारपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता तीक्ष्ण सूद को बड़ा झटका लगा है। उनकी पत्नी राकेश सूद 5 नंबर वार्ड से हार गई हैं।

कपूरथला निगम के 50 वार्ड में कांग्रेस 44, आजाद 2, अकाली दल 3 वार्ड में विजेता बनी है। एक सीट पर टाई रहा है। भाजपा और आप को कोई सीट नहीं मिली है। अमृतसर वार्ड नंबर 37 से कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली है। जीरकपुर के वार्ड 16 से अकाली दल के बलजीत जीत गए हैं।