Breaking News

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी की तालाब में डूबने से मौत, क्राइम सीन पर ले जा रही थी पुलिस

असम के नागांव जिले के धींग में सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की मौत हो गई है। पुलिस ने शनिवार सुबह चार बजे क्राइम सीन को रिक्रएट करने के लिए अपराध स्थल पर ले जा रही थी। तभी उसने तालाब में कूदकर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। तालाब में डूबने से तफजुल इस्लाम की मौत हो गई।

पुलिस ने जानकारी दी कि तलाब में डूबने की आशंका से पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। दो घंटे बचाव अभियान चलाने के बाद उसका शव तालाब से बरामद हुआ।

बता दें कि गुरुवार (22 अगस्त) को दसवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया और उसे बेहोशी की हालत में छोड़ दिया था। पीड़िता शाम 6 बजे अपनी ट्यूशन क्लास से लौट रही थी, तभी तीन लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।

लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर असम के लोगों में काफी आक्रोश है। लोग आरोपी को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।