Breaking News

दिल्ली-NCR में चारों तरफ छाया अंधेरा, तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश

भारत के अधिकांश हिस्‍सों में अभी से गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्‍तर में पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में सोमवार की सुबह अंधेरा छा गया। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है। साथ ही दिल्ली वालों को गर्मी से कुछ राहत भी मिल सकती है।

दिल्ली प्रादेशिक मौसम विज्ञान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण सोमवार से बुधवार तक बारिश का अनुमान है। सोमवार व मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। 30 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलने के आसार हैं। साथ ही बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया है। जो सामान्य अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है, मगर मौसम में बदलाव के साथ ही दिल्ली के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकेगी। जिसके कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान 3 डिग्री से अधिक की गिरावट के साथ गुरुवार तक 32 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। एक बार फिर अधिकतम तापमान में धीरे -धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्‍थान, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्‍थान में तेज गरज के साथ ओले गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्‍पन्‍न हो रहा है। इसका प्रभाव उत्‍तर पश्चिमी राजस्‍थान सहित अन्‍य इलाकों पर भी पड़ेगा।