Breaking News

‘चाचा-भतीजे’ में नहीं बनी बात तो मथुरा में निकली सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा, शिवपाल ने कही ये बात

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा शुरू कर 2022 का चुनावी शंखनाद कर दिया है। उन्होंने भतीजे अखिलेश यादव से विलय और गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हो पाने के बाद सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा निकालने का ऐलान किया था। सामाजिक परिवर्तन यात्रा मथुरा से शुरू होकर सात चरणों में रायबरेली पहुंचेगी। इस यात्रा के जरिए शिवपाल सभी जिलों का चुनावी दौरा करेंगे। यात्रा को लेकर मथुरा पहुंचे शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी में माफिया और गुंडों का राज है।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास करने में पूरी तरह असफल है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नेता जी, मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद हमेशा उन पर रहा है और रहेगा। प्रसपा सुप्रीमो शिवपाल यादव ने कहा कि यह सत्ता परिवर्तन के लिए रथ यात्रा है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया की सत्ता परिवर्तन होकर रहेगी। शिवपाल यादव ने आगे कहा कि यह सरकार किसानों पर अत्याचार करने में लगी है। किसानों को कुचल देती है। उन्होंने कहा कि यह रथ यात्रा राजनीतिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होने वाला है। ज्ञात हो कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज कानपुर से समाजवादी विजय यात्रा’ की शुरुआत किये हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, बदायूं और औरैया जैसे जिलों में शिवपाल यादव का अब भी राजनीतिक दबदबा बना हुआ है। अगर समाजवादी पार्टी ने उनसे गठबंधन नहीं किया तो फिर अखिलेश को नुकसान हो सकता है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों शिवपाल यादव ने कहा था कि 11 अक्टूबर तक अखिलेश यादव से गठबंधन और विलय पर बात नहीं बनी तो वे अलग चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मथुरा रथयात्रा से चुनावी शंखनाद होगा। उन्होंने कहा था कि मैं गठबंधन को लेकर प्रयत्न कर रहा हूं। फाइनल फैसला उधर से ही लेना है।