Breaking News

गन्ना समितियों में जमा रकम को किसान एक सप्ताह के भीतर प्राप्त कर लें वरना यह राशि विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी : उप गन्ना आयुक्त डा. दिनेश्वर मिश्र

रिर्पोट :- गौरव सिंघल,विशेष संवाददाता,दैनिक संवाद,सहारनपुर मंडल।

सहारनपुर। उप गन्ना आयुक्त डा. दिनेश्वर मिश्र ने आज सहारनपुर मंडल के 5323 किसानों से अपील की कि वह एक सप्ताह के भीतर गन्ना समितियों में जमा अपनी 2 करोड़ 37 लाख रूपए की धनराशि को निकाल लें वरना गन्ना समितियां इस धनराशि को विकास कार्यों पर खर्च करने का काम करेगी। डा. मिश्र ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र 202122 सत्र से पहले के गन्ना समितियों में 2 करोड़ 37 लाख रूपए जमा हैं जो गन्ना मूल्य का भुगतान है। इसे उन किसानों ने अभी तक लेने का काम नहीं किया है। उन किसानों का बैंक खाता नहीं होने के चलते यह भुगतान राशि उनके खाते में नहीं भेजी जा सकी है। 

डा. मिश्र ने बताया कि सहारनपुर गन्ना समिति ने 38 किसानों के एक लाख दो हजार रूपए जमा हैं, सरसावा में 52 किसानों के पांच लाख दो हजार रूपए, नानौता में 1334 किसानों के 26 लाख 34 हजार रूपए, बेहट में 57 किसानों के एक लाख छह हजार रूपए, देवबंद में 104 किसानों के नौ लाख छह हजार रूपए और खतौली में 197 किसानों के सात लाख 10 हजार रूपए जमा हैं। मंसूरपुर में 283 किसानों के 11 लाख 63 हजार रूपए, रोहाना कलां में 278 किसानों के 25 लाख नौ हजार रूपए जमा हैं। मोरना गन्ना विकास समिति में 11 किसानों के एक लाख 38 हजार रूपए जमा हैं। तितावी में 193 किसानों के 26 लाख चार हजार रूपए, रामराज में 132 किसानों के 24 लाख 81 हजार रूपए, बुढ़ाना में 24 किसानों के 21 लाख 29 हजार रूपए जमा हैं। शामली में 2398 किसानों के 71 लाख 58 हजार रूपए जमा हैं। थाना भवन में 64 किसानों के चार लाख 57 हजार रूपए जमा हैं और ऊन में 14 किसानों के 99 हजार रूपए जमा हैं।