कंबोडिया और थाइलैंड (Cambodia-Thailand) के बीच जारी संघर्ष में अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की एंट्री हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति (us President) का कहना है कि इन दोनों देशों के संघर्ष में अभी तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। वह दोनों देशों के नेताओं के साथ सीमा विवाद को खत्म करने को लेकर बात की है। इसके साथ ही ट्रंप ने दोनों देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक शांति नहीं हो जाती तब तक इन दोनों देशों के साथ व्यापार करना गलत होगा।
स्कॉटलैंड की यात्रा पर गए ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “थाइलैंड के साथ युद्ध रोकने के संबंध में कंबोडिया के प्रधानमंत्री से अभी बात हुई है।” इस पोस्ट के तुरंत बाद ही उन्होंने एक और पोस्ट करते हुए लिखा, “मैंने अभी थाइलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री से बात की है और यह अच्छी रही… कंबोडिया की तरफ थाइलैंड भी तत्काल युद्धविराम और शांति चाहता है।” उन्होंने आगे लिखा, “अब मैं यह संदेश कंबोडिया के प्रधानमंत्री को वापस भेज रहा हूं। दोनों पक्षों से बात करने के बाद, युद्धविराम, शांति और समृद्धि होगी। हम इस बात में जल्दी ही आगे बढ़ेंगे।
इसके बाद ट्रंप ने एक और पोस्ट करके जानकारी दी कि दोनों पक्ष शांति के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने लिखा, “मैंने अभी कंबोडिया के प्रधानमंत्री को बताया कि मैंने थाइलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री से बात की है। दोनों ही पार्टियां तुरंत सीजफायर और शांति के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही वह दोनों संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ ट्रैड की टेबल पर भी आने के लिए तैयार है। हालांकि मुझे लगता है कि यह तब तक सही नहीं है, जब तक दोनों देश पूरी तरह से शांति हासिल नहीं कर लेते।”
ट्रंप ने इस मामले में आगे बात करते हुए लिखा, “दोनों देशों के साथ बातचीत करके अच्छा लगा। दोनों देशों का एक लंबा इतिहास और संस्कृति है.. हमें उम्मीद है कि यह आने वाले कई सालों तक जारी रहेगा। जब यह सब खत्म हो जाएगा.. तो मैं दोनों देशों के साथ व्यापारिक समझौते करने के लिए तैयार हूं।