Breaking News

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम को खराब खाना देने पर अनुराग ठाकुर सख्त, बोले- गंभीरता से विचार करे ACB

भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को नीदरलैंड के खिलाफ खेलना है। यह मुकाबला सिडनी में होगा। उससे पहले वहां बुधवार को खाने को लेकर विवाद हुआ। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र के बाद ठंडा और खराब खाना देने का आरोप लगाया। साथ ही टीम ने 42 किमी दूर जाकर अभ्यास करने से भी मना कर दिया। इस विवाद पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए था। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (ACB) को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि दुनिया भर के लोग जब भारत आते हैं तो भारत आयोजन में कोई कमी नहीं छोड़ता। दुनिया भर के देशों को पता है कि भारत के बहुत सारे खिलाड़ी शाकाहारी भी हैं। देश से बाहर जाकर खाने की बड़ी समस्या रहती थी। वेस्टइंडीज जैसे देशों में खाने के लिए ना के बराबर कुछ मिलता था। जब मैं बोर्ड अध्यक्ष और महासचिव था तब कई बार मैं टीम के साथ शैफ और कुक को भेजता था, ताकि खिलाड़ियों को भोजन की कोई दिक्कत न आए।

उन्होंने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसे देश में इस तरह कि समस्या नहीं आनी चाहिए। वहां भारतीय मूल के काफी लोग हैं। वहां भारतीय व्यंजनों की कमी नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में अगर ऐसा हुआ तो वहां के क्रिकेट बोर्ड को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए। अगर खिलाड़ी ठीक से खाएंगे नहीं तो अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।