Breaking News

उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां को टिकट दिये जाने पर भड़की सेंगर की बेटी, प्रियंका को कही ये बात

कांग्रेस ने उन्नाव गैंगरेप पीड़ित की मां आशा सिंह को विधानसभा चुनाव में टिकट दिया है जिस पर अब प्रतिक्रिया आने लगी है। आशा सिंह को टिकट दिये जाने को लेकर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर आशा सिंह को टिकट देने पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि प्रियंका गांधी राजनीतिक दृष्टिकोण से उठाया गया यह कदम शायद आपको सही लगे, लेकिन समाज और नैतिकता का धर्म आपको कभी माफ नहीं करेगा। कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि प्रियंका गांधी ने राजनीतिक लाभ के लिए आशा सिंह को टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे आशा सिंह से कोई समस्या नहीं है। मेरी आपत्ति प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता का नाम उन्नाव में राजनीति के लिए इस्तेमाल किया गया है। ऐश्वर्या ने आशा सिंह के परिवार पर भी कई आरोप लगाये हैं।

ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ को लेकर बात करती हैं, फिर भी मेरी बहन, मां और मुझे समाज से तरह-तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है। ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि हमें ट्रोल किया गया। सोशल मीडिया पर तमाम तरह की बातें की जाती हैं। केस शुरू होने से पहले ही मेरे पिता को दोषी ठहरा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस सियासी खेल को उन्नाव की जनता समझ रही है।

ज्ञात हो कि उन्नाव रेप पीड़िता के साथ साल 2017 में रेप किया गया था। उसका अपहरण भी किया गया था। इस मामले में विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर को उम्रकैद की सजा हुई है। कुलदीप सिंह सेंगर भारतीय जनता पार्टी से विधायक थे। 2019 में भाजपा ने कुलदीप सिंह सेंगर निष्कासित किया था और बाद में उनकी विधायकी भी चली गई थी। साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा रेप पीड़िता और उनके परिवार के सदस्यों को सीआरपीएफ की सुरक्षा मुहैया कराई गई थी।