Breaking News

उत्तराखंड में BJP ने किया बहुमत का आंकड़ा पार, देहरादून में जीती ये सीटें

देहरादूनः उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में हार-जीत का परिणाम आने लगा है। भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस एक बार फिर अवसाद में चली गई है। देहरादून जिले में विकासनगर, राजपुर,और ऋषिकेश में बीजेपी ने जीत दर्ज कर  ली है। तो वहीं रायपुर, कैंट, मसूरी, डोईवाला में भी भाजपा आगे चल रही है, जबकि चकराता और सहसपुर में कांग्रेस आगे है। धर्मपुर सीट पर कड़ा मुकाबला चल रहा है, अभी तक कांग्रेस के उम्मीदवार दिनेश अग्रवाल कुछ वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अब भाजपा के उम्मीदवार विनोद चमोली ने बढ़त बना दी है, सबकी नजरें इसी सीट पर टिकी है। धर्मपुर में भाजपा को 26208 और कांग्रेस 25310 पर चल रही है।

देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्त्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मना रहे हैं। मुख्यालय परिसर में कार्यकर्त्ताओं की भीड़ उमड़ी हुई है। महापौर सुनील उनियाल गामा, खजानदास, नरेश बंसल कार्यकर्त्ताओं के साथ झूमे। भगवा गुलाल से कार्यकर्त्ता एक दूजे को रंग रहे हैं। विभिन्न जगहों से भाजपा के झंडे और मिठाई लेकर कार्यकर्त्ता मुख्यालय पहुंच रहे हैं।