Breaking News

इन मंत्रों से शुक्रवार को मां लक्ष्मी को करें प्रसन्न, नहीं होगी पैसों की कोई कमी

शुक्रवार का दिन धन, वैभव, समृद्धि और ऐश्वर्य की देवी माता लक्ष्मी (Goddess Lakshmi) का दिन होता है। यूं तो आप किसी भी दिन लक्ष्मी जी की पूजा कर सकते हैं मगर शुक्रवार (Friday) के दिन लक्ष्मी मां की विधि विधान से पूजा करने से उनकी विशेष कृपा मिलती है और सभी मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं। यही कारण है कि शुक्रवार के दिन भक्त मां को प्रसन्न करने के लिए कई उपाय करते रहते हैं। ये तो सभी को पता है कि जिस पर भी मां लक्ष्मी प्रसन्न हो जाएं उसको किसी चीज कमी नहीं होती। यदि आप भी अपने घर में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखना चाहते हैं तो शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा जरूर करें। आज हम आपको बता रहें किन मंत्रों (Mantra) का जाप करने से और कैसे केवल एक दीपक जलाकर पैसों से जुड़ी सारी समस्याएं आप दूर कर सकते हैं।

इन मंत्रों के जाप से करें मां लक्ष्मी को प्रसन्न
अगर आप भी जल्द ही मालामाल होना चाहते हैं तो शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करने के साथ ही व्रत जरूर रखें। साथ ही शाम के समय मां लक्ष्मी की पूजा करके सच्चे मन से इस मंत्र का 108 बार जाप भी जरूर करें। कोई भी शुभ कार्य करने से पहले भी इस मंत्र का जाप करें। मां लक्ष्मी जी ऐसा करने वाले व्यक्ति के जीवन को खुशियों से भर देती हैं-
ऊं ह्रीं ह्रीं श्रीं श्रीं लक्ष्मी वासुदेवाय नम:
देवी महालक्ष्मी के बीज मंत्र (Lakshmi Beej Mantra) का जाप करने से धन में वृद्धि होती है और हर प्रकार की समस्याओं से छुटकारा मिलता है। इस मंत्र का भी 108 बार जाप करें-
ॐ श्रींह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्मी नम:।।

यदि कोई व्यक्ति कर्ज के बोझ तले दबा हो और बार-बार प्रयास करने के बाद भी कर्ज चुका न पा रहा हो तो आर्थिक तंगी (Money problem) से निपटने के लिए मां लक्ष्मी के इस मंत्र का जाप करना चाहिए।
ॐ ह्रीं श्री क्रीं क्लीं श्री लक्ष्मी मम गृहे धन पूरये, धन पूरये, चिंताएं दूरये-दूरये स्वाहा:।

जरूर जलाएं घी का दीपक
यदि आप भी चाहते हैं कि मां लक्ष्मी की कृपा पर बनी रहे तो शुक्रवार की शाम को घर के ईशान कोण (पूर्व और उत्तर दिशा जहां पर मिलती है उसे ईशान कोण कहते हैं) में गाय के घी से बना एक दीपक अवश्य जलाएं। इसके साथ ही दीपक में रुई की बत्ती के स्थान पर लाल रंग के धागे या लाल रंग की मौली से बनी बत्ती का प्रयोग करें। इसकी वजह ये है कि लाल रंग देवी लक्ष्मी को बहुत प्रिय है। दीपक में चुटकी भर केसर भी जरूर डाल दें। ऐसा करने से देवी लक्ष्मी जरूर प्रसन्न होंगी और जीवन में कभी किसी चीज की कमी नहीं होगी। शुक्रवार के दिन अपनी क्षमता और सामर्थ्य के मुताबिक गरीबों और जरूरतमंदों को दान भी दें।