Breaking News

इंडोनेशिया में भूकंप ने मचाई तबाही, अब तक 26 लोगों की मौत

इंडोनेशिया में पश्चिम सुलावेसी प्रांत में शुक्रवार को आए भीषण भूकंप के कारण 26 लोगों की मौत हो गई है। फ्रांस न्यूज एजेंसी ने आपदा एजेंसी के हवाले से यह जानकारी दी है। इससे पहले 6.2 तीव्रता वाले भूकंप के कारण एक इमारत के धराशायी होने की तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने की जानकारी मिली है। बचावकर्मी अब भी घायलों की तलाश कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर भूकंप के कारण सात लोगों की मौत तथा करीब 600 लोगों के घायल होने की सूचना है। माना जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ बढ़ सकता है।

 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप से पश्चिम सुलावेसी की राजधानी मामूजु शहर में काफी नुकसान हुआ है। भूकंप के झटकों से एक अस्पताल ध्वस्त हो गया और कुछ लोग उसके मलबे के नीचे दब गए। वहीं एक और होटल भी कथित तौर पर प्राकृतिक आपदा से नष्ट हो गया। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताया जा रहा है। राहत और बचाव का काम चल रहा है। सुनामी की चेतावनी नहीं दी गई है।

 

इंडोनेशिया के अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 600 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे प्रभावित इलाकों से जानकारी हासिल कर रहे हैं। हताहतों की संख्‍या बढ़ने की आशंका जताई गई है।

राष्ट्रीय आपदा शमन एजेंसी की ओर से जारी की गई एक वीडियो में एक बच्ची एक घर के मलबे में फंसी और मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है। बच्ची यह भी कहती दिखी कि उसकी मां जिंदा है लेकिन बाहर नहीं निकल पा रही। वहीं बचावकर्मियों ने उससे कहा कि वह उसकी मदद करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।