Breaking News

हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे राहुल गांधी

हिमाचल प्रदेश में आज कांग्रेस का शपथ ग्रहण कार्यक्रम है. शिमला के रिज मैदान में दोपहर 1.30 बजे कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. इस बीच हिमाचल प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की. प्रतिभा सिंह के मुलाकात के बाद सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह राज्य में पार्टी की मुखिया हैं. सभी उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं. इसलिए वह उन्हें शपथ ग्रहण में आमंत्रित करने के लिए आए थे.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शिमला पहुंचे. संजौली हेलीपैड से दोनों कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए. शिमला के संजौली हेलीपैड पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी पहुंचे. शपथ ग्रहण समारोह से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी शिमला के संजौली हेलीपैड पर पहुंची. यहां सुक्खू ने उनकी अगवानी की. उनकी मां ने कहा कि उनका बेटा एक सेवादार है और वह लोगों की सेवा करता रहेगा.