Breaking News

हिमाचल चुनाव में BJP के 23 और कांग्रेस के 14 बागियों ने खड़ी की मुश्किल, मैदान न छोड़ने पर अड़े

हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में सत्ता पर काबिज होने के सपने देख रही भाजपा (BJP) के लिए 23 और कांग्रेस (Congress) के लिए 14 बागी सिरदर्द बन गए हैं। शनिवार को नामांकन वापसी है। दोपहर 3:00 बजे के बाद सभी प्रत्याशियों (candidate) को चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे। शुक्रवार को देर रात तक दोनों राजनीतिक दलों के नेता असंतुष्टों को मनाने में जुटे रहे लेकिन बात नहीं बनी। अब शनिवार को फिर को मान मनोव्वल किया जाएगा। निर्दलीय ताल ठोकने वाले अधिकतर नेता चुनाव लड़ने पर अडिग हैं। कांगड़ा और बिलासपुर में भाजपा की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। शिमला, सिरमौर और मंडी में कांग्रेस के बागियों ने पार्टी नेताओं का चैन उड़ाया हुआ है। विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को नामांकन वापस लिए जाएंगे। अभी तक चुनाव मैदान में कुल 516 प्रत्याशी हैं। भाजपा और कांग्रेस के 37 नेताओं ने बागी होकर नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।

कांग्रेस से बागी होकर इंदौरा से कमल किशोर, आनी से परसराम, नाचन से लाल सिंह कौशल, जोगिंद्रनगर से संजीव भंडारी, झंडूता से डॉ. बीरू राम, बिलासपुर से तिलकराज, जयसिंहपुर से सुशील कौल, अर्की से राजेंद्र ठाकुर, सुलह से जगजीवन पाल, पच्छाद से गंगूराम मुसाफिर, चौपाल से डॉ. सुभाष मंगलेट, ठियोग से विजय पाल खाची, इंदु वर्मा और रामपुर में विशेषवर ने बतौर निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भाजपा से बागी होकर किन्नौर से तेजवंत नेगी, कुल्लू से राम सिंह, मंडी से प्रवीण शर्मा, फतेहपुर से कृपाल परमार, आनी से किशोरी लाल, रोहड़ू से राजेंद्र धीरटा, सुंदरनगर से पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के पुत्र अभिषेक ठाकुर, करसोग से युवराज कपूर, बल्ह से संजय, नाचन में ज्ञान चौहान, बंजार से हितेश्वर सिंह, बिलासपुर सदर से सुभाष शर्मा, झंडूता से राजकुमार कौंडल, मनाली से महेंद्र ठाकुर, नालागढ़ केएल ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह, बड्सर से संदीप शर्मा, ज्वालामुखी से अतुल कौशल, शाहपुर से जोगिंद्र पंकू, इंदौरा से मनोहर धीमान, कांगड़ा से कुलभाष चौधरी, धर्मशाला से अनिल चौधरी और विपिन नैहरिया ने बतौर निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दोनों राजनीतिक दल कितने बागियों को शनिवार को दोपहर 3:00 बजे तक मनाने में कामयाब होंगे।

राजीव शुक्ला ने फोन पर साधा बागियों से संपर्क
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में बैठक बागियों से फोन कर संपर्क साधा। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को पार्टी ने बागियों से बातचीत करने का जिम्मा भी सौंपा है। शुक्ला ने बताया है कि कांग्रेस को वापस सत्ता में लाने के लिए सभी एकजुट हैं। बागियों से बातचीत जारी है। शनिवार को सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

नड्डा, जयराम सहित कई बड़े नेता मनाने में जुटे
भाजपा के बागियों को मनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संजय टंडन, देवेंद्र सिंह राणा, हर्ष महाजन, मंगल पांडे जुटे हुए हैं। पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता भी दिल्ली से बागियों से संपर्क बनाए हुए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि परिवार में नाराजगी होती रहती है, सभी को मनाने के प्रयास जारी हैं। कुल्लू में महेश्वर सिंह मान गए हैं। शनिवार को अन्य बागी भी पार्टी हित में नामांकन वापस लेकर भाजपा प्रत्याशियों को जीताने के काम में लगेंगे।