Breaking News

मुंबई में बारिश और आंधी से कोहराम, बिलबोर्ड गिरने से 3 की मौत, 54 लोग घायल; 100 से अधिक फंसे

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सोमवार को जोरदार आंधी ने हिला डाला। धूल भरी इस आंधी के चलते लोग जहां के तहां फंस गए और कई जगहों पर ट्रैफिक बाधित रहा। कहीं पेड़ गिर गए तो कहीं बैनर और बिलबोर्ड्स आदि आंधी में नीचे आ गिरे। वहीं तूफान के चलते एक बड़ी होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गई। जिस कारण 54 लोग घायल हो गए और 100 से ज्यादा अंदर फंसे बताए जा रहे हैं। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। बिलबोर्ड एक पेट्रोल पंप के सामने लगा था, जो आंधी आने पर पंप के बीचोंबीच जा गिरा, जहां कुछ लोग मौजूद थे।

सोमवार दोपहर तेज आंधी-तूफान के दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा थी। तेज हवा को देखते हुए कई स्थानों पर लोगों में दहशत फैल गई। घाटकोपर के पेट्रोल पंप में होर्डिंग गिरने की घटना कैमरे में भी कैद हो गई। घाटकोपर में होर्डिंग गिरने के मामले में अब तक मलबे के नीचे से 54 लोगों को निकाला गया है। 51 घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 3 घायलों को HBT अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।

हादसे वाली जगह के लिए रवाना हुए फडणवीस
घाटकोपर में जहां पर ये हादसा हुआ है। वहां के लिए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस रवाना हो गए हैं। वह हादसे वाली जगह का जायजा लेंगे। साथ ही अस्पताल में घायलों से मुलाकात भी करेंगे। इस पूरे मामले पर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। इस हादसे में गंभीरता दिखाते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने घाटकोपर में हुई होर्डिंग दुर्घटना मामले में पुलिस में केस दर्ज कराया है। रेलवे और होर्डिंग लगाने वाली प्राइवेट कंपनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

पेट्रोल पंप की छत के नीचे खड़े थे वाहन
बारिश और तेज हवा के कारण कई लोग पेट्रोल पंप की छत के नीचे चले गए थे। कुछ गाड़ियां पहले से वहां पेट्रोल पंप पर तेल भरवा रहीं थीं। इसी बीच तेज हवा के कारण पेट्रोल पंप के किनारे लगा बड़ा होर्डिंग सीधे पेट्रोल पंप पर गिर गया। होर्डिंग में लगा लोहे का भारी-भरकम एंगल गिरने से कार और बाइक सवार उसके नीचे दब गए। कुछ स्थानीय लोग भी इसके चपेट में आ गए, जो बारिश से बचने के लिए वहां खड़े हुए थे।