Breaking News

महाराष्ट्र में कोरोना के 15,140 नए मरीज, 39 की मौत

महाराष्ट्र (Maharashtra) में सोमवार को 15,140 कोरोना के नए संक्रमित मरीज (15,140 newly infected patients of corona) मिले हैं तथा 24 घंटे में 39 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। सूबे में आज कोरोना के कुल 207350 मरीजों का इलाज जारी है। इनमें मुंबई में 9900 एक्टिव कोरोना मरीज शामिल हैं। नागपुर मंडल में आज 2480 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने पत्रकारों को बताया कि राज्य में आज 35453 कोरोना मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे हैं। राज्य में अब तक 74629449 लोगों की कोरोना जांच की गई और इनमें से 7721109 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 7367259 कोरोना संक्रमित पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। राज्य में अब तक 142611 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। सूबे में कोरोना से ठीक होने का औसत 95.42 फीसदी और कोरोना मौत का औसत 1.85 फीसदी है। राजेश टोपे ने कोरोना नियमों का कठोरता से पालन करने की अपील नागरिकों से की है।

मुंबई में हजार के नीचे आया कोरोना का आंकड़ा
मुंबई में कोरोना की तीसरी लहर धाराशाही होती जा रही है। महानगर में सोमवार को 960 नए संक्रमित मरीज मिले जबकि 11 की मृत्यु हो गई। वहीं 1,837 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर गए। संक्रमण दर घटकर 2.1 प्रतिशत और डबलिंग रेट 421 दिन पर पहुंच गया है। रिकवरी रेट 97 फीसदी पर बरकरार है।

मुंबई मनपा के अनुसार महानगर में सक्रिय मरीजों की संख्या 10 हजार के नीचे पहुंच गई है। वर्तमान में कुल 9,900 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। केवल छह इमारतों को ही सील किया गयाहै। कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए 2,931 लोगों की तलाश की गई है। मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में कुल 2,215 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें से महज 973 मरीज ऑक्सीजन पर है। सोमवार को 106 मरीजों को भर्ती करना पड़ा, जिसमें 30 को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। मुंबई में आरक्षित कुल कोविड बेडों में से केवल 5.9 फीसदी बेड भरे हुए हैं, जबकि 94.1 फीसदी बेड खाली हैं। मुंबई में रविवार को कोरोना के 1160 नए केस पाए गए थे जबकि 10 लोगों की मौत हुई थी।

महाराष्ट्र में मिले 91 नए ओमिक्रोन संक्रमित
महाराष्ट्र में सोमवार को 91 नए ओमिक्रोन संक्रमित पाए गए हैं, इससे राज्य में ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3221 हो गई है। इसी तरह राज्य में अब तक कुल 1682 ओमिक्रोन संक्रमित स्वस्थ हुए हैं तथा इस समय 1539 ओमिक्रोन संक्रमितों का इलाज जारी है।

राजेश टोपे ने बताया कि आज नागपुर में 18, औरंगाबाद, रायगड व नई मुंबई में 11-11 नई मुंबई व ठाणे शहर में 8-8, सिंधुदूर्ग व सातारा में 5-5, अमरावती, पिंपरी-चिंचवण व पुणे शहर में 4-4, यवतमाल व पुणे ग्रामीण में 1-1 इस तरह कुल 91 ओमिक्रोन राज्य में संक्रमित मिले हैं।

महाराष्ट्र के ठाणे मंडल में 1257, इनमें अकेले मुंबई में 1068, नासिक मंडल में 15,पुणे मंडल में 1460, कोल्हापुर मंडल में 83, औरंगाबाद मंडल में 56, लातुर मंडल में 24, आकोला मंडल में 58, नागपुर मंडल में 267 इस तरह कुल 3221 ओमिक्रोन संक्रमित मिले हैं। राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में ओमिक्रोन संक्रमितों तथा कोरोना संक्रमितों का प्रभावी तरीके से इलाज जारी है।