Breaking News

मंगेतर के साथ बहन के घर जा रही युवती से गैंगरेप, अब हत्या की दी धमकी

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक युवती के साथ उसके मंगेतर के सामने ही तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य को आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। घटना उस वक्त हुई जब युवती अपने मंगेतर के साथ अपनी बहन के घर जा रही थी।

पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट

बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी बेटी की शादी पास के ही एक गांव के एक युवक के साथ तय हुई है। उसने बताया की जल्द ही दोनों की शादी होने वाली है। शिकायत में कहा गया है कि सोमवार को उनकी बेटी अपनी सहेली के साथ सादातबाड़ी मंदिर पर जल चढ़ाने गई थी। वहां उसका मंगेतर भी पहुंच गया। इसके बाद उसकी बेटी अपने मंगेतर के साथ उसकी बाइक से धनारी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली अपनी बहन के घर जा रही थी। इसी बीच शेरूआ गांव के नजदीक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे परेशान होकर बेटी और उसका मंगेतर वही पास के एक पेड़ के नीचे बैठ कर आराम करने लगे।

मंगेतर के साथ की मारपीट

महिला ने बताया कि जब उसकी बेटी और उसका मंगेतर पेड़ के नीचे आराम कर रह रहे तभी वहां तीन युवक आ गए और बेटी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह लोग उसे खींचकर कुछ दूर ले गए। जब मंगेतर ने उस बचाने की कोशिश की तो उन लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला ने बताया कि उन तीनों ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भागते समय उन लोगों ने बेटी को किसी को जानकारी देने पर मार डालने की धमकी भी दी। हादसे से घबराए मंगेतर और युवती ने घटना के दिन (सोमवार) किसी से वारदात की चर्चा नहीं की लेकिन अगले दिन (मंगलवार रात) उन लोगों ने अपने परिजनों को जानकारी दी।

इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ स्थानीय थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए एक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो क्लिप भी लगी है जिसमें युवती और उसका मंगेतर साथ बैठे नजर आ रहे हैं। उसमें आ रही अन्य आवाजों के आधार पर पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि ये आरोपियों की ही आवाज है या किसी और की।

एक गिरफ्तार 

घटना क जानकारी देते हुए सीओ गोपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने के अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बाकी दो की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।