Breaking News

नोरा फतेही के फैन ने बनवाया उनका फेस टैटू, ये फैन भी कर चुके हैं पसंदीदा कलाकार के लिए सारी हदें पार

दिलबर गर्ल नोरा फतेही की मुलाकात हाल ही में अपने एक ऐसे फैन से हुई जिसने स्टार के लिए अपना प्यार जाहिर करने के लिए अपने हाथों में उनका फेस टैटू बनवाया था। इतना ही नहीं वो शख्स महज नोरा की एक झलक पाने के लिए औरंगाबाद से मुंबई पहुंचा था। नोरा से पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स के लिए उनके फैन कई हदें पार कर चुके हैं।

यश से करवाना चाहते थे अंतिम संस्कार

केजीएफ से देशभर भर में पॉपुलैरिटी हासिल करने वाले यश की तगड़ी फैन फॉलोविंग हैं। साल 2021 की शुरुआत में यश के कर्नाटक के 25 साल के फैन रामकृष्ण ने आत्महत्या कर ली थी और सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें फैन ने यश से अपने अंतिम संस्कार में शामिल होने की ख्वाहिश जाहिर की थी। इस घटना की एक्टर ने कड़ी निंदा की थी।

फैन के लिए रवीना बनी भगवान

सोशल मीडिया पर एक्टिव रवीना टंडन ने हाल ही में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए एक फैन का वीडियो शेयर किया है। जिसमें फैन ने अपने शरीर में ‘रवीना मेरी भगवान हैं’ लिखवाकर घंटों कड़ी धूप में इंतजार किया था। ऐसी दीवानगी देखने के बाद रवीना खुद उनसे मिलने पहुंची थीं। जब रवीना उनसे मिलने पहुंची तो वो भावुक होकर रोने भी लगे थे।

पूजा हेगड़े से मिलने 5 दिनों तक धूप में खड़ा रहा फैन

मोहनजोदाड़ो फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वालीं एक्ट्रेस पूजा हेगड़े की बड़ी फैन फॉलोविंग है। कुछ महीनों पहले पूजा से मिलने के लिए उनके एक फैन ने 5 दिनों तक कड़ी धूप में उनका इंतजार किया था। इस बात की जानकारी मिलने पर एक्ट्रेस खुद उनसे मिलने बाहर आई थीं। भास्कर राव नाम के इस फैन का एक वीडियो भी पूजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है।

हेमा के लिए रिक्शे से तय करते हैं मीलों का सफर

बॉलीवुड की ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी के सबसे बड़े फैन हैं बिहार के छपरा में रिक्शा चलाने वाले धनी शाह। धनी हर साल हेमा के जन्मदिन पर उनके लिए तोहफे लेकर छपरा से मुंबई रिक्शा चलाकर आते हैं।

ये फैन 1000 गांव वालों को दिखाता है रजनीकांत की फिल्में

सुपरस्टार रजनीकांत के यूं तो कई चाहने वाले हैं, लेकिन इनके बीच एक शख्स ऐसा भी है जो रजनीकांत की हर फिल्म अपने 1000 गरीब गांव वालों को चेन्नई लाकर उनकी फिल्में दिखाता है। इस फैन का नाम गोपी है जो तमिलनाडु में गैस सिलिंडर डिलीवरी ब्वॉय है। रजनीकांत का एक फैन क्लब ऐसा भी है जो उनकी हर फिल्म रिलीज होने से पहले उनके एक विशाल कटआउट को दूध से नहलाते हैं।

संजू के जन्मदिन पर देते हैं मुफ्त सवारी

बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त के फैन संदीप संभाजी ने उनके नाम का टैटू बनवाया है। इतना ही नहीं संदीप, संजय के हर जन्मदिन अपने ऑटो में लोगों को मुफ्त सवारी देते हैं।