Breaking News

ओड़िशा: कुटुमपाली नदी में पलटी 12 लोगों से भरी नाव, जूनियर इंजिनियर लापता

ओडिशा के मलकानगिरी जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट के अनुसार, यहाँ कुटुमपाली नदी में 12 लोगों को ले जा रही एक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में एक शख्स लापता बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को पडिया ब्लॉक में यह दुर्घटना घटी। बताया जा रहा है कि, पुल के निर्माण के लिए नाव 12 मजदूरों को ले जा रही थी। इस मोटर बोट पर 3 बाइक भी लदी हुई थीं।

इसी बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ा और वह बीच नदी में पलट गई। नाव में मौजूद 12 में से छह लोग तैर कर सुरक्षित बाहर निकल आए। शेष बचे 6 में से 5 लोगों को दमकल कर्मियों ने बाहर निकाल लिया। हालांकि एक शख्स अभी भी लापता बताया जा रहा है। लापता शख्स की शिनाख्त मध्य प्रदेश के रहने वाले जूनियर इंजीनियर कैलाश शाह के रूप में की गई है। नाव के पलटने का वस्तविक कारण पता नहीं चल पाया है, मगर ओवरलोडिंग के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

 

 

बता दें कि, इससे पहले ओडिशा के पुरी में चिल्का झील में 4 सितंबर को एक नाव के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, 13 लोग कालीजाई में पिकनिक पर गए हुए थे और वहां से लौटते वक़्त किनारे से महज 3 किमी दूर भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते नाव पलट गई। स्थानीय लोगों की सहायता से 11 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, मगर इस हादसे में दो लोग लापता हो गए। बाद में दमकल कर्मियों ने दोनों की लाशें बरामद की थीं।