Breaking News

अखिलेश का चुनावी पैंतरा : भाजपा को दिलाया मां गंगा के वादे की याद तो शिवपाल को कही ये बात

विधानसभा चुनाव के करीब आने से पहले ही मतदाताओं के बीच रथयात्रा पहुंचने लगी है। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार शाम पहंुचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का विजय रथ बुधवार दिन में गति पकड़ लिया। अखिलेश यादव ने हुंकार भरते हुए अपनी यात्रा को शुरू किया। समाजवादी पार्टी का यह रथ शहर से होते हुए कुरारा जनसभा पहुंचा। कुरारा में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी रणनीति बनाया। अखिलेश यादव से मिलने सभा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का विजय रथ हमीरपुर के डाक बंगले से कुरारा की जनसभा के लिए रवाना हुआ। कुरारा में अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बुंदेलखंड में सारे विधायक और सांसद बीजेपी के हैं लेकिन बुंदेलखंड के किसान आज भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि दोगुनी आय के दावे पर धोखा दिया गया। किसानों को कहा गया कि आपकी आय दोगुनी हो जाएगी लेकिन हुआ नहीं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार पेट्रोल और गैस के बढ़ते दामों पर रोकथाम नहीं कर पा रही है।  उज्ज्वला योजना के तहत दी गई गैस बुझ गई है। उन्हांेने एक बार फिर लखीमपुर कांड को लेकर निशाना साधा। किसान के सम्मान और बेरोजगारों के लिए यह यात्रा जारी रहेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि नवेली प्लांट बीजेपी आज तक चालू नही कर पाई। सपा की पूर्व सरकार में सभी जिलों में बड़ी मंडिया बनीं लेकिन बीजेपी उसे आज तक चालू नहीं कर पाई। बीजेपी ने गंगा मैया को धोखा दिया है। मां गंगा को साफ करने का वादा था लेकिन अब गंगा की हालत देखी जा सकती है।  समाजवादी सरकार गाय की सेवा करेगी। सपा सरकार द्वारा दिए गए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं। स्वदेशी उद्योग कैसे बढ़े? इसलिए यह यात्रा कानपुर से शुरू की गई। उन्होंने कानपुर से यात्रा शुरू करने के कारण से अवगत कराया। उन्होंने एलान किया कि हम सरसों के तेल के दाम कम करने के लिए योजना बनाकर काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव भी भाजपा को हराने के लिए यात्रा कर रहे हैं। आने वाले समय में सभी अन्य दलों को भी शामिल करके चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सब का लक्ष्य एक है। अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव को आने वाले समय में शामिल करने का संकेत भी दिया।