बिहार के भागलपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी का मामला सामने आया है, फायरिंग में एक भांजे की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोलीबारी में नित्यानंद राय की बहन भी घायल हुई है।

जानकारी के मुताबिक, नवगछिया में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों जयजीत यादव और विकल यादव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी। गोलीबारी में विकल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जयजीत यादव की हालत नाजुक है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही रेंज IG विवेक कुमार ने नवगछिया SP को हालात का जायजा लेकर सुरक्षा के सभी उपाय करने के निर्देश दिए हैं। नवगछिया और परबत्ता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। FSL की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।