Breaking News

सहारनपुर मंडल में 37 केंद्रों पर धान खरीद शुरू, मंडलायुक्त ने किसानों को भरोसा दिया कि उनके साथ कोई शोषण, उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा

रिर्पोट :- गौरव सिंघल, वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर मंडल। 
सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज ब्यूरो)। सहारनपुर मंडल में 37 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो गई है। कमिश्नर संजय कुमार ने आज पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि क्रय केंद्रों पर किसी भी हालत में धान लेकर आने वाले किसानों का उत्पीड़न और शोषण ना किया जाए। यदि उन्हें इस तरह की कोई शिकायत मिलती है तो वे कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे।
कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि मानक के अनुरूप गुणवत्ता वाले धान का मूल्य सरकार ने 1868 रूपए और उत्तम श्रेणी के धान का मूल्य 1888 रूपए प्रति क्विंटल तय किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसानों को धान खरीद मूल्य की जानकारी देने वाले बैनर लगाए जाएं। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि उन्हें क्रय केंद्र कोई भी समस्या आती है तो संभागीय खाद्य नियंत्रक के मोबाइल नंबर 8005075532 पर संपर्क कर सकते हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर कोविड-19 महामारी का ध्यान रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति मास्क लगाए, सोशल फासले का पालन करें और हर क्रय केंद्र पर सेनेटाइजर और हाथ धोने के लिए साबुन और पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। कमिश्नर ने बताया कि रविवार और सरकारी अवकाश को छोड़कर प्रत्येक दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खरीद केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी।