हरियाणा के कई जिलों में आज सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। भिवानी और सिरसा में सुबह-सुबह बारिश हुई, जबकि फरीदाबाद, फतेहाबाद, झज्जर, अंबाला और महेंद्रगढ़ के नारनौल में घने बादल छाए हुए हैं। इन जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में 16 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ ने हरियाणा के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही तीन जिलों – महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात के लिए यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है, यहां बारिश के आसार बताए हैं।
HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून गर्त की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, डाल्टागंज और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं हरियाणा की ओर बढ़ रही हैं, जिससे राज्य में मौसम लगातार बिगड़ रहा है।