Breaking News

LS Elections : हिमाचल में वोटिंग के प्रति मतदाताओं में उत्साह, सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लगी कतारें

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के आखिरी चरण में हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सभी चार लोकसभा सीटों (Four Lok Sabha seats) और छह विधानसभा सीटों (Six assembly seats) पर हो रहे उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में आज मौसम साफ बना हुआ है और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। मैदानी जिलों के मतदान केंद्रों में सुबह 6:30 बजे ही मतदाताओं की कतारें लग गई। पहली बार के मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। शिमला जिला में 1058 मतदान केंद्रों में वोट डाले जा रहे हैं। मतदाता चारों लोकसभा सीटों शिमला, कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर में मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसी तरह छह विधानसभा सीटों धर्मशाला, बड़सर, सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़ और लाहौल-स्पीति में भी मतदान हो रहा है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कुल 57.11 लाख मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 28.48 पुरुष और 27.97 लाख महिला मतदाता हैं। पहाड़ी राज्य में 62 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें लोकसभा चुनाव में 37 और विधानसभा उपचुनाव में 25 उम्मीदवार शामिल हैं। सभी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है।

सुबह धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने रक्कड़ प्राइमरी स्कूल में बूथ संख्या 69 में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि देश के साथ प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनेगी। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने नाहन के मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से शत प्रतिशत मतदान का आह्वान किया और इसे देश के विकास की गारंटी बताया।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के विजयपुर गांव में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने भी यहीं अपना वोट डाला। जेपी नड्डा ने मतदान से पहले बिलासपुर में एक मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर एक गौशाला में गायों को चारा भी खिलाया।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वोट डालने के बाद कहा कि मैं अपने बूथ पर पहला मतदाता था। मैं सभी मतदाताओं से सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। मैं मतदाताओं से मतदान करने और भारत को सक्षम, आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने में योगदान देने का आग्रह करता हूं। मैं इसे लोकतंत्र का उत्सव मानता हूं।

शिमला सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में आज मौसम साफ बना हुआ है। मैदानी जिलों के मतदान केंद्रों में सुबह 6:30 बजे ही मतदाताओं की कतारें लग गई हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।

हिमाचल में 1254 शतकवीर मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि राज्य में कुल 7992 मतदान केंद्रों में से 369 संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 118 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। राज्य में 44 हरित मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। लाहौल-स्पीति के टाशीगांग में सबसे अधिक ऊंचाई में (15256 मीटर) मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। इस मतदान केंद्र में 62 मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 1254 शतकवीर मतदाता हैं। इनकी आयु 100 वर्ष या उससे अधिक है तथा चुनाव आयोग द्वारा इन सभी मतदाताओं का मतदान केंद्रों में जोर-शोर से स्वागत कर रहा है।

मनीष गर्ग ने कहा कि राज्य में करीब 57 हजार दिव्यांग मतदाता हैं तथा मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं को लाने के लिए रैंप, पेयजल व्यवस्था , बिजली, फर्नीचर, वेटिंग रूम व शौचालयों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों को फर्स्ट एड बॉक्स भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।