Breaking News

चंडीगढ़ के आप कार्यालय में जालंधर पश्चिम उपचुनाव की जीत का मनाया जश्न

जालंधर पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की बड़ी जीत के बाद आप नेताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर पार्टी दफ्तर चंडीगढ़ में जश्न मनाया और एक दूसरे को जीत की बधाई दी। आप सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, लालजीत सिंह भुल्लर और हरभजन सिंह ईटीओ जीत के बाद पार्टी दफ्तर पहुंचे और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “जालंधर पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर सभी को बधाई! बड़ी बढ़त के साथ जीत दर्शाती है कि पूरे पंजाब में लोग हमारी सरकार के काम से बहुत खुश हैं। उपचुनाव में किए वादे के मुताबिक हम जालंधर वेस्ट को सर्वश्रेष्ठ बनाएंगे। मोहिंदर भगत जी को बधाई!”

मीडिया से बातचीत के दौरान हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी के साथ हैं। हमारे उम्मीदवार मोहिंदर भगत बहुत अच्छे और साफ छवि के इंसान हैं। लोग हमारी सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह के साथ खड़े हैं। इस चुनाव में भी लोगों ने एक बार फिर बता दिया है कि कांग्रेस और बीजेपी पार्टी को दिखा दिया कि विधानसभा में उनकी पहली पसंद आम आदमी पार्टी है। चीमा ने कहा कि पंजाब की जनता जानती है कि भारतीय जनता पार्टी से देश के संविधान को खतरा है। भाजपा देश के संविधान को बदलना चाहती है।

मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि आप उम्मीदवार मोहिंदर भगत की बड़ी जीत से विरोधी पार्टियों के सारे प्रोपगंडा फेल हो गए हैं। मोहिंदर भगत का परिवार जालंधर पश्चिम विधानसभा के लोगों के दिल में है।
मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि सिर्फ आम आदमी पार्टी ही है जो लोगों के भले के लिए काम करती है। इसलिए जालंधर वेस्ट के लोगों ने हमें इतनी बड़ी जीत का तौहफा दिया है। इसके माध्यम से लोगों ने आम आदमी पार्टी की नीतियों पर मुहर लगाई है। ईटीओ ने कहा कि शीतल अंगुराल पेन ड्राइव लेकर घूमते रहे, पर उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ क्योंकि लोगों को पता था कि वह ड्रामा कर रहा है। इसलिए जनता ने ऐसे लोगों को पूरी तरह नकार दिया।