Breaking News

केंद्र सरकार ने सीएम मान को फ्रांस जाने से रोका, विजेता हाकी टीम को मुख्यमंत्री की बधाई

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ओलंपिक्स में जीत दर्ज करने वाली हाकी टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री मान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डाल कर लिखा है कि ओलंपिक के इतिहास में 52 साल बाद आज भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया। 3-2 की इस जीत में टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो अहम गोल थे। पूरी टीम को बधाई और क्वार्टर फाइनल के लिए शुभकामनाएं। हालांकि पेरिस ओलंपिक्स जाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान जाता चाहते थे, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से उन्हें अनुमति नहीं मिली है। इसके बाद लगातार केंद्र सरकार के इस फैसला का पार्टी की ओर से विरोध भी किया जा रहा है।

दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत मान को विदेश मंत्रालय की ओर से पेरिस जाने के लिए राजनीतिक हरी झंडी नहीं दी गई है। मान को ओलंपिक में भाग लेने वाली हॉकी टीम को बढ़ावा देने के लिए 3 से 9 अगस्त तक पेरिस का दौरा करना था। मुख्यमंत्री फिलहाल विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी का इंतजार कर रहे थे, जो उच्च स्तरीय राजनीतिक नेताओं की यात्रा के लिए एक शर्त भी है। सीएम मान ने कहा कि मुझे अपने लड़कों पर गर्व है और मैं जानता हूं कि मेरी मौजूदगी से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा।

गौरतलब है कि पंजाब स्पीकर कुलतार सिंह संधवान को विदेश जाने की इजाजत नहीं दी गई है। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि अमेरिका में एक राजनीतिक सम्मेलन में शामिल होने के लिए जाना था, लेकिन उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी गई है। उन्हें केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। कुलतार सिंह ने कहा कि उन्हें राजनीतिक सम्मेलन में शामिल होने की इजाजत न देना राजनीतिक एजेंडा लगता है।