Breaking News

हरियाणा में अजय चौटाला की गाड़ी हादसे का शिकार, बाल-बाल बची जान; गाड़ी क्षतिग्रस्त

हरियाणा के जींद में जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। चौटाला की गाड़ी के सामने अचानक नील गाय आ गई। हालांकि चौटाला बाल-बाल बच गए, लेकिन नील गाय की मौत हो गई। अजय चौटाला के साथ उनकी विधायक पत्नी नैना चौटाला भी मौजूद थीं। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुँच गई व कार्यवाही में जुट गई। उन्हें दूसरी गाड़ी से आगे रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा नरवाना से पहले ढाकल गांव के पास हुआ। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अजय चौटाला सिरसा से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। इससे पहले, 8 जनवरी 2019 में नरवाना से जींद जाते हुए अजय चौटाला की गाड़ी का पहिया निकल गया था। गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइड से टकरा गई।

अजय चौटाला के साथ तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह भी मौजूद थे। हालांकि इस हादसे में किसी को ज्यादा चोटें नहीं आई। आसपास के लोगों ने अजय चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह को गाड़ी से बाहर निकाला। इसके बाद दूसरी गाड़ी से उन्हें जींद की तरफ रवाना किया।