उत्तर प्रदेश में सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती के लिए दौड़ की परीक्षा (पीईटी) सोमवार से शुरू सुबह से शुर हो गई है। भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण के तहत होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल होगा और चरित्र प्रमाण मांगे जाएंगे।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड परीक्षा का आयोजन पीएसी की 12 वाहिनियों में करा रहा है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी हैं। रोजाना करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सेंधमारी रोकने के भी बंदोबस्त किए गए हैं। भर्ती बोर्ड ने दौड़ परीक्षा के पहले चरण के तहत करीब 1.20 लाख प्रवेशपत्र जारी किए हैं। वहीं सोमवार को शेष करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र जारी होने हैं। परीक्षा का आयोजन 27 फरवरी तक होना है।
परीक्षा का आयोजन 45वीं वाहिनी अलीगढ़, 12वीं वाहिनी फतेहपुर, 8वीं वाहिनी बरेली, 9वीं वाहिनी मुरादाबाद, 26वीं वाहिनी गोरखपुर, 37वीं वाहिनी कानपुर, 33वीं वाहिनी झांसी, 35वीं वाहिनी लखनऊ, 6वीं वाहिनी मेरठ, 47वीं वाहिनी गाजियाबाद, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ और 39वीं वाहिनी मिर्जापुर में किया जाएगा।
यूपी पुलिस की 60,244 सिपाही भर्ती में सफल उम्मीदवारों को 9 महीने का आधारभूत प्रशिक्षण प्रदेश के सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर दिया जाएगा। अंतिम चरण की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन उनके गृह जिलों से कराया जाएगा। इसके बाद एक महीने की प्रारंभिक ट्रेनिंग (जेटीसी) सभी 75 जिलों में होगी।
क्या है दौड़ परीक्षा के नियम
कैंडीडेट को कलाई घड़ी पहनने की अनुमति नहीं होगी। बोर्ड ने परीक्षा स्थल पर डिजिटल घड़ी की व्यवस्था की है। पुरुष उम्मीदवारों को 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं महिला उम्मीदवारों को 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।