Breaking News

महाराष्ट्र चुनाव : भाजपा ने की पहली सूची जारी, प्रभावशाली नेताओं के रिश्तेदारों के नाम, जाने किसको मिला टिकट

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महाराष्ट्र चुनाव (Maharashtra Elections) के लिए अपने उम्मीदवारों (Candidates) की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल मिलाकर 99 उम्मीदवारों ने अपनी जगह बनाई है। पिछले 77 विधायकों को उनकी सीट के लिए बरकरार रखा गया है तो वहीं कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावशाली नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट दिया गया है। पार्टी की इस रणनीति को आम चुनाव में खराब प्रदर्शन को देखते हुए जोखिम से बचने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

नेताओं के रिश्तेदारों के तौर पर सबसे बड़ा नाम पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस से भाजपा में आये अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण का है, जिन पर पार्टी ने अपना भरोसा जताया है। कानून की डिग्री हासिल कर चुकीं श्रीजया नांदेड़ जिले में अपने पिता के गृह क्षेत्र भोकर से चुनावी शुरुआत करेंगी। अशोक चव्हाण महाराष्ट्र की राजनीति का एक बड़ा चेहरा है और वह लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे।

नारायण राणे के बेटे को दोबारा टिकट
भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कोंकण के कद्दावर नेता नारायण राणे के बेटे नितेश राणे को सिंधुदुर्ग जिले की कंकावली सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है। टिकट पाने वाले एक और राजनीतिक खानदानी नेता अमल महादिक हैं, जो भाजपा के राज्यसभा सदस्य धनंजय महादिक के छोटे भाई हैं। वह 2014 में जीती गई कोल्हापुर दक्षिण विधानसभा सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने भोकरदन विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के पुत्र संतोष दानवे की उम्मीदवारी पर भी मुहर लगायी है। तो वहीं भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर के पोते संभाजी पाटिल निलंगेकर को लातूर जिले के निलंगा निर्वाचन क्षेत्र से फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है।

अजीत पवार के करीबी नेता के बेटे को भी टिकट
प्रमुख राजनेताओं से संबंधित अन्य उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के करीबी वरिष्ठ राजनेता पद्मसिंह पाटिल के बेटे राणा जगजीतसिंह पाटिल शामिल हैं। इसी तरह पुणे में शिवाजीनगर निर्वाचन क्षेत्र से सिद्धार्थ शिरोले को फिर से टिकट दिया गया है। वह पूर्व भाजपा सांसद अनिल शिरोले के बेटे हैं।

चिंचवाड़ सीट पर मौजूदा विधायक अश्विनी जगताप की जगह उनके साले शंकर जगताप को टिकट दिया गया है। इसके अलावा मुंबई में भाजपा ने अपनी नगर इकाई के प्रमुख आशीष शेलार को तीसरी बार बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है, जबकि उनके भाई विनोद शेलार मलाड पश्चिम सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। विनोद का मुकाबला मौजूदा कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री असलम शेख से हो सकता है, अगर उन्हें फिर से टिकट दिया जाता है।

भाजपा ने 71 विधायकों को रखा बरकरार
भाजपा ने पहली सूची में 71 विधायकों को बरकरार रखा है, जिनमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंतिवार और चंद्रकांत पाटिल जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।

इस साल लोकसभा चुनाव में, महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवारों का मुकाबला करते हुए कई कारणों से महाराष्ट्र में भाजपा 23 से गिरकर नौ पर सिमट गई।

भाजपा ने 2019 में तत्कालीन सहयोगी शिवसेना (अविभाजित) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसने 164 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा राज्य में लगभग 150 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। वह अपने सहयोगियों मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के साथ कड़ी सौदेबाजी में लगी हुई है।