Breaking News

सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, भव्य परेड की ली सलामी

हिमाचल प्रदेश का 53वां पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के मैदान में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुबह 11 बजे यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। परेड के बाद लगभग एक दर्जन विभागों ने झांकियों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की शानदार झलक पेश की। विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल और संस्थाओं के कलाकार लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश करते नजर आए।

मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहली बार अपने गृह जिला में पहुंचे हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी परेड के दौरान मौजूद रहे। सरकार के अन्य मंत्रियों और विधायकों ने भी शिरकत की।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के 53वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने वीर नायकों, हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली महान विभूतियों को याद किया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अविस्मरणीय योगदान रहा है और बर्फबारी के बीच 25 जनवरी 1971 को प्रदेश की जनता को यह सौगात देने वे स्वयं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहुंची थीं।