Breaking News

सितंबर महीने में पड़ेंगे ये प्रमुख व्रत त्योहार, देखें पूरी लिस्ट

भारत उत्सवों का देश है। यहां हर माह कोई न कोई उत्सव मनाया जाता है। सितंबर माह में कई महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार आएंगे। इस माह की शुरूआत में अजा एकादशी व्रत रखा जाएगा। धार्मिक रूप से यह एकादशी व्रत महत्वपूर्ण होती है। इसके साथ ही सितंबर माह में ही हरतालिका तीज पर्व मनाया जाएगा। यह सुहागिन महिलाओं का महत्वपूर्ण पर्व है। इसी महीने गणेश चतुर्थी आएगी। यह उत्सव संपूर्ण भारत में मनाया जाता है। इसी महीने श्राद्ध पक्ष भी प्रारंभ हो रहे हैं। पितरों के तर्पण के लिए श्राद्ध की अवधि महत्वपूर्ण मानी जाती है। वहीं विश्वकर्मा जयंती भी सितंबर माह में मनाई जाएगी। सनातन धर्म में भगवान विश्वकर्मा का महत्वपूर्ण स्थान है। सितंबर माह में पर्यूषण, भाद्रपद अमावस्या, भाद्रपद पूर्णिमा, परिवर्तिनी एकादशी, कन्या संक्रांति, अनंत चतुर्दशी जैसे प्रमुख व्रत त्योहार आएंगे। आइए जानते हैं सितंबर माह के प्रमुख व्रत त्योहार एवं उनकी तिथियां, देखें लिस्ट –

03 सितंबर: अजा एकादशी

हिन्दू पंचांग के अनुसार, अजा एकादशी का व्रत हर साल भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। जो इस बार 3 सितंबर को अजा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। धार्मिक रूप से इस व्रत का विशेष महत्व है।

04 सितंबर: शनि प्रदोष

4 सितंबर को प्रदोष व्रत रखा जाएगा। शनिवार के दिन पड़ने के कारण यह शनि प्रदोष व्रत होगा। मान्यता के अनुसार प्रदोष व्रत भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए रखा जाता है। यह व्रत प्रत्येक माह की त्रयोदशी तिथि के दिन रखा जाता है। इस दिन मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा का विधान है।

05 सितंबर: मासिक शिवरात्रि

भाद्रपद माह की मासिक शिवरात्रि 6 अगस्त को पड़ेगी। हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि का तो महत्व माना ही जाता है लेकिन हर माह पड़ने वाली शिवरात्रि भी बहुत महत्व रखती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है।

07 सितंबर: पिठोरी अमावस्या

हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास में पड़ने वाली अमावस्या को पिठौरी अमावस्या के रूप में मनाया जाता है। इस साल पिठौरी अमावस्या 7 सितंबर को होगी। इसे कुशग्रहणी अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक रूप से इस तिथि का विशेष महत्व है।

09 सितंबर: हरतालिका तीज

हरतालिका तीज पर्व 9 सितंबर को है। यह त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद ही खास माना जाता है। इस दिन सौभाग्य की कामना हेतु महिलाएं निर्जला व्रत रहकर माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करती हैं।

10 सितंबर: गणेश चतुर्थी

गणेश चतुर्थी पर्व 10 सितंबर को मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यता है कि भगवान गणेश का जन्म भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष कि चतुर्थी तिथि को हुआ था। इस कारण इस दिन उनकी विशेष आराधना की जाती है।

12 सितंबर: स्कंद षष्ठी

भादौ माह में स्कंद षष्ठी व्रत 12 सितंबर 2021 को रखा जाएगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार, स्कंद षष्ठी व्रत हर महीने शुक्ल पक्ष की षष्ठी के दिन रखा जाता है। यह व्रत भगवान कार्तिकेय के लिए रखा जाता है। भगवान कार्तिकेय भगवान शिव और माता पार्वती के बड़े पुत्र हैं।

17 सितंबर: कन्या संक्रांति

कन्या संक्रांति 17 सितंबर 2021 को है। इस दिन सूर्य ग्रह सिंह राशि से कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। इस राशि में सूर्य ग्रह उच्च के होते हैं। सिंह संक्रांति के दिन सूर्य की उपासना करने का विधान है।

17 सितंबर: विश्वकर्मा जयंती

भगवान विश्वकर्मा जयंती 17 सितंबर को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता है कि कन्या संक्रांति के दिन भगवान विश्वकर्मा का जन्म हुआ था। इस कारण हर साल इसी दिन भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा की जाती है। शास्त्रों में उन्हें सृष्टि का शिल्पकार कहा जाता है। परिवर्तनी एकादशी हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन जगत पालनहार भगवान विष्णुजी की उपासना की जाती है। इस साल यह 17 सितंबर को मनाई जाएगी।

18 सितंबर: शनि प्रदोष व्रत

18 सितंबर को प्रदोष व्रत रखा जाएगा। शनिवार के दिन पड़ने के कारण यह शनि प्रदोष व्रत होगा। मान्यता के अनुसार प्रदोष व्रत भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए रखा जाता है। यह व्रत प्रत्येक माह की त्रयोदशी तिथि के दिन रखा जाता है। इस दिन मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा का विधान है।

19 सितंबर: अनंत चतुर्दशी

हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को अनंत चतुर्दशी कहा जाता जाता है। इस साल ये पर्व 19 सितंबर को मनाई जाएगी। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत रूप और भगवान गणेश की पूजा की जाती है।

20 सितंबर: भाद्रपद पूर्णिमा

हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद माह में आने वाली पूर्णिमा को भाद्रपद पूर्णिमा कहते हैं। इस साल यह पूर्णिमा 20 सितंबर को पड़ रही है। धार्मिक दृष्टि से इस तिथि का विशेष महत्व होता है।

20 सितंबर: श्राद्ध प्रारंभ

हिंदू धर्म में श्राद्ध का विशेष महत्व है। इस वर्ष श्राद्ध 20 सितंबर से शुरू होकर 06 अक्तूबर तक चलेंगे। मान्यता है पितृगण हमारे लिए देवतुल्य होते हैं इस कारण से पितृ पक्ष में पितरों से संबंधित सभी तरह के कार्य करने पर वे हमें अपना आशीर्वाद देते हैं।

24 सितंबर: संकष्टी चतुर्थी

संकष्टी चतुर्थी व्रत 24 सितंबर को है। हिन्दू पंचांग के प्रत्येक मास में कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है। यह तिथि भगवान गणेश जी को समर्पित है।

28 सितंबर: कालाष्टमी

भादौ मास का कालाष्टमी व्रत 28 सितंबर को रखा जाएगा। प्रत्येक माह में कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को कालाष्टमी व्रत रखा जाता है। इस दिन शिव शंकर के रुद्र स्वरूप भगवान काल भैरव की पूजा और उपवास करने का विधान है।