Breaking News

बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने किया नामांकन, पहले पहुंचे मुलायम की समाधि स्थल

लोकसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य अपने प्रस्तावों के साथ नामांकन करने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नामांकन किया। इससे पहले रघुराज सिंह शाक्य मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी ने दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है। प्रस्तावकों में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान और भोगांव विधायक पंडित रामनरेश अग्निहोत्री उनके साथ रहे। रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि ‘मैं जनता का सेवक, किसान का बेटा हूं, चुनाव जीतने के बाद भी आप सभी के बीच में ही रहूंगा।

पूर्व भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य एक बजे नामांकन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने 11 बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया। मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी से डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। इस सीट पर सपा और भाजपा में सीधी टक्कर मानी जा रही है। भाजपा ने शाक्य वोटरों की संख्या को देखते हुए दांव खेला है। जातीय समीकरण को देखा जाए तो शाक्य इस सीट पर दूसरे नंबर पर हैं।

वहीं सपा से प्रत्याशी अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था, जिसके बाद सपाई चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। वहीं आज भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन कर दिया है। बता दें रघुराज शाक्य इटावा जिले के रहने वाले हैं, लेकिन माना जा रहा है कि शाक्य वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए भाजपा ने ये फैसला लिया। रघुराज शाक्य को शिवपाल सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता है। वे प्रसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। रघुराज शाक्य 1999 और 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। उन्होंने 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर सीट से विधानसभा का चुनाव भी जीता था।