Breaking News

दहेज को लेकर वर-वधु पक्ष में जमकर हुई मारपीट, दुल्हन ने थाने पहुंचकर लगाई शादी तोड़ने की गुहार

दहेज(Dowry) शब्द से हर इंसान परिचित है खास कर वो जिस घर में बेटी है। आज जिस घर में लड़की पैदा हो जाती है उसके मां-बाप उसके जन्म के साथ ही दहेज के बारे में सोचने लगते हैं। यूं तो दहेज माता-पिता द्वारा दिया जाने वाला उपहार होता है लेकिन समाज ने आज इसे बहुत गलत ढंग से लेना शुरू कर दिया है। दहेज आज के समाज के लिए एक अभिशाप बन गया है। इसका दुष्परिणाम बहुत भंयकर हो रहा है और आज यह नारियों के लिए एक काल बन चुका है।

 दहेज से जुड़ा ऐसा ही एक मामला बिहार(Bihar) की राजधानी पटना(Patna) से सटे दानापुर से सामने आया है जहां सूबे के नालंदा जिले में एक परिवार बड़ी धूमधाम और तैयारियों के साथ अपनी बेटी की शादी करने पहुंचा था। लेकिन वहां कुछ ऐसा हुआ कि शादी के कुछ देर बाद ही दुल्हन शादी के जोड़े में थाने पहुंच गई और शादी को तोड़ने की गुहार लगाने लगी।

दहेज को लेकर हुआ विवाद

दरअसल, नालंदा से एक परिवार अपनी बेटी की शादी करने आए थे लेकिन वहीं वर पक्ष के साथ दहेज के बकाए पैसों को लेकर उनका विवाद हो गया विवाद इतना बढ़ गया कि वर पक्ष के लोगों ने जमकर मारपीट शुरु कर दी। जिसके बाद दुल्हन शादी के जोड़े में ही शिकायत करने के लिए थाने पहुंच गई। वहीं मामले की शिकायत दर्ज होते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

शादी के लिए आया था वधू पक्ष

जानकारी के अनुसार नालंदा के सूरजपुर से विवाह के लिए लड़की पक्ष के लोग दानापुर के बीएस कॉलेज के नजदीक एक कम्युनिटी हॉल में आए थे। कन्या पक्ष ने बताया कि बस द्वारा दानापुर पहुंचने पर वर पक्ष के लोगों ने उसने पानी के लिए भी नहीं पूछा. वहीं, शादी की रश्म शुरू होते ही वर पक्ष के लोग दहेज में बचे पैसे की मांग करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों की बीच विवाद होने लगा।

विवाद के बीच हुई शादी

वहीं विवाद के बीच किसी तरह शादी को संपन्न कराया गया। लेकिन मंगलवार की सुबह फिर  से दहेज में बाकी पैसों को लेकर विवाद होने लगा। जिसके बाद यह विवाद मारपीट तक जा पहुंचा। कन्या पक्ष की मानें तो हॉल का गेट बंद करके लोहे की कुर्सी से लड़के वालों ने उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी। वहीं मारपीट में वधू पक्ष के कई लोग घायल हो गए। मारपीट में वधू के चचेरे भाई का सिर फट गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए दानापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया

दुल्हन ने लगाई शादी तोड़ने की गुहार

लड़की के पिता ने बताया कि दहेज में 15 लाख देने की बात तय हुई थी। जिसमें से 10 लाख रुपये दिए जा चुके थे। साथ ही 5 भर सोना भी दिया जा चुका था। लेकिन बचे हुए पांच लाख रुपये को लेकर वर पक्ष के लोग मारपीट करने पर उतारू हो गए। ऐसे में अब दुल्हन दूल्हे के साथ नहीं रहना चाहती है। उसने थाने पहुंचकर इस शादी तोड़वा देने की गुहार लगाई है।