Breaking News

कांग्रेस के पास फूट डालो, झूठ बोलो और राज करो की नीति: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार पुड्डुचेरी के विकास के लिए हर संभव समर्थन देगी। मोदी ने यहां तीन केंद्र प्रायोजित योजनाओं का डिजिटल रूप से उद्घाटन किया तथा चार अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि पुड्डुचेरी के लोग प्रतिभाशाली हैं और यहां की भूमि सुंदर है। उनकी सरकार केंद्रशासित प्रदेश के विकास के लिए हर संभव समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि वह तीन साल पहले यहां आए थे और पुड्डुचेरी की दिव्यता उन्हें इस स्थान पर वापस ले आयी। पुड्डुचेरी विविधता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई विकासात्मक परियोजनाओं के शुरू होने से पुड्डुचेरी के लोगों के जीवन में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सत्तनपुरम और नागपट्टिनम को कराईकल से जोडऩे वाले 56 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-45ए की आधारशिला रखने से न सिर्फ सडक़ संपर्क बेहतर होगा बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी सुधार होगा और साथ ही पवित्र शनिश्वरन मंदिर, वेलंकन्नी चर्च और नागौर दरगाह तक भी सुगमता से पहुंचा जा सकेगा।

कांग्रेस की हाई कमान सरकार ने सहकारी समितियों का प्रबंधन ठीक से नहीं किया। मैं गुजरात से आता हूं, जहां सहकारी आंदोलन ने कई लोगों का जीवन बदल दिया है। एनडीए सरकार पुडुचेरी में सहकारी क्षेत्र को जीवंत बनाने के लिए काम करेगी। कभी-कभी उनके नेता एक क्षेत्र को दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देते हैं। कभी-कभी वे एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ कर देते हैं। वे झूठ बोलने में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता हैं। पुडुचेरी में पांच साल तक आपने जिस कांग्रेस संस्कृति को देखा, वह दिखाती है कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर कैसे काम करती है। हमारे औपनिवेशिक शासकों के पास फूट डालो और राज करो की नीति थी। कांग्रेस के पास फूट डालो, झूठ बोलो और राज करो की नीति है। पुडुचेरी में उन्होंने पंचायत चुनाव कराने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि चुनाव होने चाहिए फिर भी, पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार नहीं मानी। कांग्रेस दूसरों को अलोकतांत्रिक कहने का कोई अवसर नहीं छोड़ती है। लेकिन, उन्हें खुद को आईने में देखने की जरूरत है। वे हर संभव तरीके से लोकतंत्र का अनादर करते हैं।